जयपुर

‘जब-जब वोटिंग बढ़ी बीजेपी की हुई जीत,’ बंगाल चुनाव पर जोगाराम पटेल बोले- ‘सभी रिकॉर्ड टूट गए’

मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि 'ममता बनर्जी कहती हैं कि लोग एसआईआर से नाराज हैं, लेकिन बंगाल में इसके उलट हो रहा है। महिलाओं का बढ़ा हुआ मतदान भाजपा के लिए सकारात्मक संकेत है। भाजपा बंगाल में पहली बार जीत हासिल करेगी।'

2 min read
Apr 24, 2026
जोगाराम पटेल और ममता बनर्जी (फोटो-एएनआई)

जयपुर। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार रिकॉर्ड मतदान ने सियासी माहौल को पूरी तरह बदल दिया है। भारी वोटिंग को लेकर राजस्थान के मंत्री जोगाराम पटेल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बढ़ा हुआ मतदान भाजपा के पक्ष में साफ संकेत दे रहा है और अगर यही रुझान जारी रहा तो पहली बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।

जोगाराम पटेल ने कहा, 'दोनों प्रदेशों में जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, जिससे लगता है कि हमारा लोकतंत्र परिपक्व हुआ है। विशेषकर बंगाल में 93% तक पोलिंग हुआ है। ममता बनर्जी कहती थीं कि लोग एसआईआर को लेकर नाराज हैं, लेकिन यह आरोप उल्टा साबित हुआ है। जनता ने उत्साह के साथ मतदान में भाग लिया है।' उन्होंने कहा कि जब-जब और जहां-जहां वोट प्रतिशत बढ़ा है, वहां भाजपा को बंपर जीत मिली है।

ये भी पढ़ें

‘हम लोग 34 दिन होटल में रहे,’ राघव चड्ढा के AAP में सबसे बड़े तख्तापलट पर क्या बोले अशोक गहलोत?

चुनावी रुझान पर बोले जोगाराम पटेल

पटेल ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी अहम बताया। उन्होंने कहा, 'मातृशक्ति का करीब 2% वोट बढ़ना ही यह संकेत देता है कि भाजपा को मजबूत बढ़त मिल रही है। जैसा रुझान आ रहा है, वैसा हो गया, तो स्पष्ट बहुमत से भी अधिक संख्या में भाजपा के प्रत्याशी जीतकर आएंगे और पहली बार बंगाल में भाजपा का झंडा लहराएगा। 'डबल इंजन' की सरकार वहां की जनता के जो आयाम, जनता की जो अपेक्षाएं हैं, उन पर खरी उतरेगी।'

152 सीटों पर हुई वोटिंग

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में ऐतिहासिक मतदान दर्ज किया गया। 16 जिलों की 152 सीटों पर हुए मतदान में शाम 7 बजे तक औसत वोटिंग 91.91% रही, जो आजादी के बाद सबसे अधिक है। इससे पहले 2011 में 84.72% मतदान रिकॉर्ड था। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भी इस उपलब्धि पर मतदाताओं को बधाई दी और कहा कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु दोनों में रिकॉर्ड मतदान हुआ है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही।

टीएमसी और बीजेपी के बीच मुकाबला

चुनाव के इस चरण में 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है, जिनमें 167 महिलाएं शामिल हैं। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। यह मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच बेहद अहम माना जा रहा है।

29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान

चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को पूरा हो चुका है, जबकि शेष 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं तमिलनाडु की 234 सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ, जहां करीब 84.6% वोटिंग दर्ज की गई। दोनों राज्यों समेत सभी 5 राज्यों के चुनावों के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें

पचपदरा रिफाइनरी अग्निकांड : PM मोदी के मंच पर ये क्या हुआ? ‘सुरक्षा में चूक’ के इस Video ने मचा दी खलबली
Also Read
View All