जयपुर

जयपुर में अति-व्यस्त शेड्यूल और प्रोटोकॉल के बीच अचानक किसके घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा? हर कोई रह गया हैरान!

JP Nadda Jaipur Visit : जयपुर दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अति-व्यस्त शेड्यूल के बीच अचानक स्वतंत्रता सेनानी प्रवीण चंद्र छाबड़ा के घर पहुंचे। जानिए क्यों खास थी यह मुलाकात।
2 min read
Aug 10, 2026
jp nadda meets freedom fighter praveen chandra chhabra in jaipur
JP Nadda - File PIC

जयपुर में स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ और 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत रविवार को दिनभर वीआईपी कार्यक्रमों की भरमार रही। राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा, अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि, और संगठन के संवाद कार्यक्रमों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का मिनट-टू-मिनट व्यस्त शेड्यूल तय था। लेकिन इस अति-व्यस्त और कड़े सुरक्षा घेरे वाले शेड्यूल के बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का काफिला अचानक जयपुर के 'तारों की कूट' इलाके की संकरी गलियों में मुड़ गया। हर कोई हैरान था कि आखिर केंद्रीय मंत्री किसे मिलने अचानक पहुंचे हैं।

स्वतंत्रता सेनानी प्रवीण चंद्र छाबड़ा के द्वार पहुंचे नड्डा

दरअसल, जेपी नड्डा जयपुर के अत्यंत सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी, वरिष्ठ पत्रकार और लेखक प्रवीण चंद्र छाबड़ा के निवास स्थान पर उनसे शिष्टाचार भेंट करने और उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

वीआईपी चमक-धमक और राजनीतिक भाषणों से इतर, केंद्रीय मंत्री ने प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए देश की आजादी में अमूल्य योगदान देने वाले इस महानायक के घर खुद चलकर जाना उचित समझा।

कौन हैं प्रवीण चंद्र छाबड़ा?

स्वतंत्रता संग्राम के प्रत्यक्षदर्शी: प्रवीण चंद्र छाबड़ा ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को न केवल करीब से देखा, बल्कि राजस्थान में आजादी की अलख जगाने में अग्रिम पंक्ति में रहकर सक्रिय भूमिका निभाई।

70 से अधिक वर्षों की पत्रकारिता: देश आजाद होने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को ही राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया। वे पिछले सात दशकों से भी अधिक समय से अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से समाज को नई दिशा दे रहे हैं।

साहित्यिक धरोहर: हाल ही में जयपुर के पिंकसिटी प्रेस क्लब में उनके जीवन के गहन अनुभवों और संस्मरणों पर आधारित डायरी "निज से निज को" का विमोचन किया गया था, जिसे राजस्थान के साहित्यिक जगत में काफी सराहना मिली।

शॉल ओढ़ाकर लिया आशीर्वाद, जेपी नड्डा हुए भावुक

छाबड़ा जी के निवास पर पहुंचकर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सबसे पहले उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। नड्डा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और फल-पुष्प भेंट कर देश व समाज के प्रति उनकी अप्रतिम सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

मुलाकात के बाद जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा:"स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्षों को निकट से देखने वाले छाबड़ा जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की गाथा है। उनके अनुभवों को आत्मीयता से सुनना मेरे लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय अनुभव रहा।"

इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी स्वतंत्रता सेनानी छाबड़ा का आशीर्वाद लिया।

Updated on:
10 Aug 2026 09:14 am
Published on:
10 Aug 2026 09:14 am