
मुकेश शर्मा / जयपुर. तीन वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में मालपुरा चौड़ के लोग एकजुट हो गए हैं। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक बैठक कर आरोपी के घर का बिजली-पानी का कनक्शन काट दिया है। लोगों ने परिवार का हुक्का पानी बंद कर दुकानदारों को कोई सामान उपलब्ध नहीं कराने का निर्णय लिया। लेकिन इस बीच दुष्कर्म पीडि़ता के पिता ने कहा कि हुक्का-पानी एक माह, दो माह या फिर तीन माह तक सीमित रह सकता है। लेकिन उसकी मासूम अबोध बेटी के साथ घिनौनी करतूत करने वाले पवन रैगर और उसके परिवार को जिंदगी भर नहीं भूल सकते। पूरे परिवार का चेहरा तक नहीं देखना है।
इसके बाद सुमेल ग्राम पंचायत समिति भवन में सरपंच, पंचायत के अन्य प्रतिनिधियों के साथ आमजन की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में लोगों ने कहा कि आज इस बालिका के साथ ऐसी घटना हुई है। कल किसी अन्य बालिका के साथ ऐसी घटना हो सकती है। ऐसे दरिंदों को सबक मिलना चाहिए कि उसकी इस घिनौनी करतूत पूरे परिवार को कैसे मिलती है। पूरे परिवार को गांव से बेदखल किया जाए। तभी लोग चैन की सांस लेंगे।
पंचायत के कोरम में प्रस्ताव
उधर, सुमेल सरपंच मदनलाल गुर्जर ने बताया कि लोगों ने गुरुवार सुबह आरोपी के घर का बिजली-पानी का कनक्शन काट दिया है। लोगों की मांग पर पंचायत के कोरम में आरोपी पवन के परिवार को बेदखल करने का प्रस्ताव लिया जाएगा। आरोपी का घर सवाइचक जमीन में अतिक्रमण कर बनाया हुआ है और यह जमीन जयपुर विकास प्राधिकरण की है। प्रस्ताव के बाद जेडीए को आरोपी का मकान ध्वस्त कर जमीन से अमिक्रमण हटाने के लिए पत्र लिखा जाएगा।
बिजली विभाग को लिखित में दिया
लोगों ने बताया कि गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों के साथ सरपंच के हस्ताक्षर और सील लगा प्रार्थना पत्र बिजली विभाग के अधिकारियों को दिया है। पत्र में आरोपी पवन के घर का बिजली का कनक्शन काटने की मांग लिखी है।