
Jaipur Railway News: खातीपुरा सैटेलाइट स्टेशन अब जयपुर का दूसरा बड़ा रेलवे स्टेशन बनने वाला है। उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन ने खातीपुरा से विभिन्न शहरों के लिए 12 ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू करने का शेड्यूल तैयार कर लिया है। जिन्हें योजनाबद्ध ढंग से जयपुर जंक्शन से खातीपुरा तक विस्तारित किया जाएगा। इनमें से तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन 20 जून से शुरू हो रहा है।
रेलवे ने जयपुर-असारवा-जयपुर एक्सप्रेस, जयपुर-भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस और यशवंतपुर-जयपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस का विस्तार खातीपुरा तक कर दिया है। यह 20 जून से खातीपुरा स्टेशन से ही संचालित होंगी। इसके अलावा जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, रींगस-जयपुर-रींगस स्पेशल, श्रीगंगानगर-जयपुर-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस और जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर पैसेंजर को भी खातीपुरा से चलाए जाने की तैयारी है।
खातीपुरा सैटेलाइट स्टेशन पर रेलवे ने आधुनिक कोच केयर कॉम्प्लेक्स विकसित किया है। अंतिम चरण में पहुंचे इस प्रोजेक्ट में दो वॉशिंग लाइन, दो इंस्पेक्शन बे लाइन, दो लाइन का कवर्ड सिक शेड, तीन स्पर लाइन, चार स्टेबलिंग लाइन और एक व्हील लेथ लाइन विकसित की गई है। यहां डेमू, मेमू, एलएचबी कोच और वंदे भारत ट्रेनों तक का अनुरक्षण किया जा सकेगा। इसके बाद खातीपुरा से चलने वाली ट्रेनों को मेंटीनेंस के लिए जयपुर जंक्शन नहीं जाना पड़ेगा।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार खातीपुरा को जयपुर जंक्शन के वैकल्पिक टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। मेंटीनेंस डिपो शुरू होते ही यहां से ट्रेनों के प्रारंभ और समापन की व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। खातीपुरा रेलवे स्टेशन को दिल्ली सराय रोहिल्ला और दिल्ली कैंट की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। जिससे जयपुर जंक्शन पर लगातार बढ़ रहे परिचालन दबाव को कम किया जा सकेगा।
खातीपुरा स्टेशन पर हैरिटेज लुक वाला नया स्टेशन भवन, छह हाईलेवल प्लेटफॉर्म, चार नई लूप लाइनें, कवर्ड शेल्टर, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग और वेटिंग हॉल तैयार किए गए हैं। रेलवे स्टेशन पर अभी यात्रियों के लिए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, उद्घोषणा प्रणाली, आरक्षित व अनारक्षित टिकट सुविधा उपलब्ध है। ट्रेनों के रखरखाव के लिए क्विक वाटरिंग सिस्टम और इलेक्ट्रिक लोको अनुरक्षण के लिए ट्रिप शेड भी बनाया गया है। आरक्षण काउंटर सुबह 8 से शाम 8 बजे तक संचालित हो रहा है।