
Ashwini Vaishnaw: फोन पर IRCTC की नई वेबसाइट के निर्देश देते हुए (फोटो- अनुग्रह सोलोमन)
जयपुर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में छात्रों से संवाद के दौरान एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए 15 जुलाई तक IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च की जाएगी। यह घोषणा उस समय हुई जब एक छात्रा ने उनसे सीधे शिकायत की कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान IRCTC की वेबसाइट अक्सर हैंग हो जाती है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
छात्रा की शिकायत सुनने के बाद मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आइआरसीटी के डायरेक्टर को कॉल किया और नई वेबसाइट बनाने के तुरंत आदेश दिए। नई वेबसाइट को अधिक सक्षम तथा आधुनिक बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे लगातार डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है और यात्रियों को सहज व तेज सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रों के साथ सेल्फी भी ली और उनके सवालों के जवाब दिए।
MNIT में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत ट्रेन का वीडियो मोबाइल फोन से टीवी स्क्रीन पर दिखाया और छात्रों को ट्रेन की अत्याधुनिक सुविधाओं तथा कोच डिजाइन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने रेलवे में हो रहे तकनीकी बदलावों और डिजिटल इनोवेशन पर भी चर्चा की।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने MNIT जयपुर में सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी अत्याधुनिक लैब विकसित करने की भी घोषणा की। उन्होंने विवेकानंद लेक्चर थिएटर कॉम्प्लेक्स में मेकर्स लैब का उद्घाटन किया और छात्रों को नई तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने नैनो सिम और सेमीकंडक्टर तकनीक से जुड़े सवाल पूछे और बताया कि अब भारत में ही नैनो सिम का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग भविष्य का सबसे बड़ा रोजगार क्षेत्र बनने जा रहा है और विद्यार्थियों को इस दिशा में तैयारी करनी चाहिए।
अश्विनी वैष्णव ने छात्रों को चिप डिजाइनिंग का चैलेंज भी दिया। उन्होंने बताया कि संस्थान में ऐसे सिमुलेशन सिस्टम विकसित किए जाएंगे, जिनकी मदद से छात्र सेमीकंडक्टर डिजाइन और फैब्रिकेशन की व्यावहारिक ट्रेनिंग ले सकेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के 323 कॉलेजों में सेमीकंडक्टर और चिप डिजाइनिंग को बढ़ावा देने के लिए इसी तरह की पहल की जा रही है।
Updated on:
11 Jun 2026 06:03 pm
Published on:
11 Jun 2026 05:42 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
