
Budget Files Episode-2 : जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खेलो राजस्थान यूथ गेम्स के आयोजन में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जुलाई 2024 और फरवरी 2026 के बजट में इस आयोजन की घोषणा दोहराई और दोनों बार 50-50 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान बताया, लेकिन अब तक एक बार भी प्रतियोगिताएं नहीं कराई गईं। इस तरह दो बजट में कुल 100 करोड़ रुपए की घोषणा हुई, लेकिन गहलोत के मुताबिक आयोजन अब तक शुरू नहीं हो सका। गहलोत ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो सीरीज 'बजट फाइल्स' का दूसरा एपिसोड जारी कर सरकार से जवाब मांगा।
अशोक गहलोत ने कहा कि जुलाई 2024 के बजट भाषण में ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतिवर्ष खेलो राजस्थान यूथ गेम्स कराने की घोषणा की गई थी। इसमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल करने और हर साल 50 करोड़ रुपए खर्च करने की बात कही गई थी। इसके बाद फरवरी 2026 के बजट भाषण में इसी घोषणा को फिर दोहराया गया। इस बार ग्राम पंचायत स्तर को भी आयोजन से जोड़ने की बात कही गई और फिर 50 करोड़ रुपए का प्रावधान बताया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार घोषणा करने में कभी देर नहीं करती, लेकिन खेल कराने में दो साल चार महीने लगा दिए। अशोक गहलोत ने अपनी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आयोजित राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें 50 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं, लेकिन मौजूदा सरकार आयोजन कराने के बजाय कागजी घोषणाओं तक सीमित है। एक ही घोषणा दो-दो बार करके बजट की शोभा बढ़ाई गई, पर मैदान सूना रहा। खिलाड़ियों के साथ यह मजाक नहीं तो और क्या है? घोषणा बजट में हुई, लेकिन खेल का मैदान तैयार नहीं हुआ। यही भाजपा सरकार की सच्चाई है.
1- जुलाई 2024 में घोषित 50 करोड़ रुपए में से अब तक कितना खर्च हुआ, और किस पर?
2- घोषणा के बाद भी पहले साल का आयोजन अब तक क्यों नहीं हो सका?
3- जो खिलाड़ी दो साल चार महीने इंतज़ार करते रहे, उनके इस नुकसान का जवाब कौन देगा?