
जयपुर।
राजस्थान की सियासत में एक ख़ास प्रभुत्व रखने वाले विधायक डॉक्टर किरोड़ीलाल मीणा का चुनाव लड़ना हर बार चर्चा का विषय बना रहता है। वे किसी पार्टी से चुनाव मैदान में उतरेंगे या निर्दलीय ही ताल ठोकेंगे इसे लेकर हमेशा ही सस्पेंस की स्थिति बनी रहती है। इस बार के विधानसभा चुनाव भी नज़दीक आ रहे हैं ऐसे में एक बार फिर उनके चुनाव लड़ने को लेकर चर्चाएं होने लगी हैं।
दरअसल, अपने राजनितिक सफर में लम्बे समय तक वे बीजेपी पार्टी से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने कई अहम पदों पर रहते हुए महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारियाँ संभाली। लेकिन इसके बाद साल 2008 में उन्होंने बीजेपी का दामन छोड़ दिया। फिलहाल वे लालसोट से राजपा विधायक हैं।
समय-समय पर होती है बीजेपी में वापसी की चर्चा
डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा का बीजेपी में वापस कलौटाने को लेकर भी कई बार सियासी गलियारों में चर्चाएं रहीं। राजस्थान की मुख्यमंत्री से लेकर केंद्र में बैठे नेताओं से मुलाक़ात के समय उनकी बीजेपी में वापसी की अटकलें कई बार लगीं। लेकिन इन तमाम चर्चाओं को उन्होंने नकार दिया था।
READ:जयपुर कूच से पहले किरोड़ी-बेनीवाल का भी सरकार के खिलाफ 'हल्लाबोल'
करौली से नहीं लडूंगा चुनाव: मीणा
इस बीच करौली पहुंचे डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने साफ़ किया कि वे करौली से चुनाव नहीं लड़ेंगें। चम्बल के पानी से जिले की प्यास बुझाने, जुगाड़ों के रजिस्ट्रेशन और किसानों की कर्ज माफी जैसे मुद्दों को लेकर विधायक डॉ. किरोड़ीलाल मीणा टोडाभीम के सांकरवाड़ा पहुंचे हुए थे।
यहां से वाहन रैली लेकर वे करौली कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां सड़क पर ही संबोधन दिया। उन्होंने कहा, करौली से चुनाव नहीं लडूंगा लेकिन आगामी चुनाव में मेरी फौज के बिना कोई भी सरकार नहीं बनेगी।
उन्होंने कहा कि पानी के मुद्दे पर सभी दलों को साथ आना चाहिए। करौली के कालीसिंध और पांचना में सिंचाई का पानी डालने और दौसा के एक भी डैम में पानी नहीं डालने का सरकार का प्लान है। बामनवास, गंगापुर और नादौती का मांड क्षेत्र इससे वंचित रहेगा। सरकार को पांचना से भरतपुर जिले तक पानी पहुंचाना चाहिए ताकि सभी नदियां पुनजीर्वित हों। उन्होंने चेताया कि सरकार ने सुनवाई नहीं की तो 13 जिलों के लोग जयपुर में रैली निकालेंगे।
हमारे समर्थन से ही बनेगी सरकार : किरोड़ी
डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, भीड़ जुट जाती है। वहां के नेताओं को चिंता सताने लगती है कि यहां से चुनाव लड़ेगा, लेकिन मैं करौली से चुनाव कतई नहीं लडूंगा, लेकिन यह भी सच है कि राजस्थान में मेरी फौज के बिना सरकार नहीं बनेगी।
उन्होंने सरकार से कहा कि तुम भागीरथ बनो हम तुम्हारा कल्याण कर देंगे। पानी के मुद्दे पर उन्होंने सभी दलों से दलगत राजनीति छोड़ साथ आने का आह्वान किया।
सुनने की बजाय किया दमन : किरोड़ी
मीणा ने पूर्व विधायक अमराराम की गिरफ्तारी की निंदा की है। किरोड़ी ने कहा कि वह किसानों की जायज मांगें सरकार तक पहुंचाना चाह रहे थे। सरकार को दमन करने की बजाय मांगे सुनना और उन पर अमल करना चाहिए था। किसानों की मांगों से जुड़े आंदोलन का राजपा समर्थन करती है।