जयपुर

पीएम मोदी 27 को सीकर में, इस खास योजना की करेंगे शुरुआत, जानिए क्या फायदा मिलेगा

PM Pranam Yojana: नागौर के खरनाल में दौरा स्थगित होने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जुलाई को सीकर के जिला खेल स्टेडियम में सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम किसान सम्मान निधि की राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर करने के साथ ही पीएम प्रणाम योजना की शुरुआत भी करेंगे।
2 min read
Jul 19, 2023
pm_modi.jpg
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

जयपुर/सीकर/पत्रिका। नागौर के खरनाल में दौरा स्थगित होने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जुलाई को सीकर के जिला खेल स्टेडियम में सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम किसान सम्मान निधि की राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर करने के साथ ही PM Pranam Yojana की शुरुआत भी करेंगे। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी और प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा ने मंगलवार को खेल स्टेडियम का जायजा लिया।

चौधरी ने बताया कि पीएम मोदी की सभा सुबह 11 बजे होगी। जिसमें वे एक बटन दबाकर किसानों के खाते में करीब 20 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। सभा के लिए स्टेडियम में तीन हेलीपेड बनाए जाएंगे। वहीं, मंच की दिशा भी बदली जाएगी। इस बार मंच का मुंह सांवली की बजाय सीकर की तरफ होगा।

तीन लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य
चौधरी ने बताया कि जनसभा में करीब तीन लाख लोगों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। नागौर की सभा को सीकर स्थानांतरित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नागौर में सभा स्थगित हुई है। उसकी तिथि भी जल्द आएगी।

शेखावाटी: 21 सीटों में तीन पर भाजपा
शेखावाटी के तीन जिले चूरू, झुंझुनूं और सीकर पर नजर डालें तो यहां 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 21 में से केवल 3 सीटों पर जीत मिली, जबकि कांग्रेस 17 सीटों पर जीती, वहीं एक सीट पर निर्दलीय को जीत मिली।

क्या है PM Pranam Yojana
Pranam Yojana के जरिए केंद्र सरकार की कोशिश किसानों को रासायनिक उर्वरकों की जगह वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे सरकार पर सब्सिडी का बोझ कम होगा और खेती में अन्य उर्वरकों के इस्तेमाल से खेती की गुणवत्ता बेहतर होगी। साथ ही किसानों को भी फायदा होगा, क्योंकि इससे खेती की लागत कम हो सकती है।

Published on:
19 Jul 2023 12:42 pm