जयपुर

कोटपूतली: बस इतना कहा कि ‘गाड़ी में सोओ मत’, युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, घर में घुसकर दिखाई पिस्टल

कोटपूतली-बहरोड़ के नारायणपुर क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

2 min read
May 03, 2026
Kotputli Behror
युवक को पीटते हुए (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)

कोटपूतली-बहरोड़: नारायणपुर उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अजबपुरा के प्रेमपुरा गांव में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने और फिर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बता दें कि पीड़ित युवक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमपुरा निवासी पीड़ित युवक सुमित शर्मा बीती 18 अप्रैल को किसी काम से रींगस गया था।

रींगस से वापस लौटते समय गाड़ी में बैठे अन्य युवकों को सुमित ने गाड़ी में न सोने की सलाह दी। सुमित की इसी बात पर आरोपी मोहित भड़क गया और उसने सुमित को थप्पड़ मार दिया। उस वक्त मामला जैसे-तैसे शांत हो गया, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश बैठ गई।

स्कूल ग्राउंड में बंधक बनाकर पीटा, बनाया वीडियो

अगले दिन यानी 19 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे आरोपी पवन शर्मा और अमित सैनी, सुमित को किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए। वे उसे अजबपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में ले गए, जहां मोहित शर्मा और उसके अन्य साथी पहले से ही घात लगाए बैठे थे।

मैदान में पहुंचते ही आरोपियों ने सुमित को घेर लिया और उसके साथ लात-घूसों से जमकर मारपीट की। इस दौरान क्रूरता की हदें पार करते हुए एक आरोपी इस पूरी मारपीट का मोबाइल से वीडियो बनाता रहा, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

घर में घुसकर दिखाई पिस्टल, दहशत में परिवार

पीड़ित सुमित ने पुलिस को बताया कि इस मारपीट के बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने सुमित के परिजनों के सामने ही पिस्टल तान दी और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से पीड़ित का पूरा परिवार गहरे खौफ और दहशत में है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

थानाधिकारी रोहिताश कुमार ने बताया कि पीड़ित सुमित शर्मा की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Published on:
03 May 2026 11:56 am