
चेन्नई. तमिलनाडु के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री आर. विनोद ने गुरुवार को विधानसभा में टीवीके सरकार का पहला कृषि बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य के 12 जिले संभावित सुपर एल नीनो से गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (टीएनएयू) की कार्ययोजना लागू कर दी गई है और जिला कृषि आकस्मिक योजनाएं कलक्टरों को भेज दी गई हैं। खासकर कुरुवै फसल सीजन पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
कृषि ढांचे को मज़बूत करने की पहल
सरकार ने आठ एकीकृत कृषि विस्तार केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है। इन केंद्रों में 300 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम होंगे। ये केंद्र तिरुवण्णामलै, काटपाड़ी और गुडियात्तम (वेलूर), मुसिरी (तिरुचिरापल्ली), नरीकुड़ी (विरुदनगर), बोडिनायकनूर (तेनी), कयथर (तुत्तुकुड़ी) और थोंडामुथुर (कोयंबत्तूर) में बनाए जाएंगे। इस पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 27.82 करोड़ रुपए खर्च करेंगे।
किसानों को राहत और प्रोत्साहन
फसल कटाई के बाद नुकसान कम करने के लिए 43,500 किसानों को 2026-27 में तिरपाल वितरित किए जाएंगे ताकि वे फसल सुखाने और सुरक्षित भंडारण कर सकें। इसके लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
राज्य स्तर पर फसल उत्पादन प्रतियोगिता शुरू की जाएगी, जिसका नाम ‘मक्कल सेवगर अंजलै अम्माल’ के नाम पर रखा गया है। इसमें 10 फसलों जैसे मिलेट्स, दालें और तिलहन के लिए प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को क्रमशः 2.5 लाख, 1.5 लाख और 1 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। योजना से 30 किसानों को लाभ होगा और इसके लिए 50 लाख रुपए का आवंटन किया गया है।
सरकार ने जैविक खेती को बढ़ावा देने का भी बजट में प्रावधान किया है इसके तहत नम्माळवार पुरस्कार की घोषणा की है। इसके तहत पांच जैविक किसानों को 2-2 लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसके लिए 11 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
सदन में हल्की नोकझोंक
बजट प्रस्तुति के दौरान थोड़ी देर के लिए व्यवधान हुआ जब मंत्री विनोद ने मुख्यमंत्री विजय की प्रशंसा करते हुए उन्हें "सूट पहनने वाला किसान" कहा। विपक्षी डीएमके सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताई। स्पीकर जे. सी. डी. प्रभाकर ने विपक्ष को शांत रहने और मंत्री को केवल कृषि बजट तक सीमित रहने का निर्देश दिया।