Jaipur Leopard Movement: भोजन और पानी की तलाश में झालाना जंगल के लेपर्ड की आबादी क्षेत्रों में आवाजाही थम नहीं रही है। एक बार फिर जगतपुरा स्थित पॉम कोर्ट कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट सामने आया है। शु
जयपुर। भोजन और पानी की तलाश में झालाना जंगल के लेपर्ड की आबादी क्षेत्रों में आवाजाही थम नहीं रही है। एक बार फिर जगतपुरा स्थित पॉम कोर्ट कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट सामने आया है। शुक्रवार और शनिवार की देर रात लेपर्ड कॉलोनी में घूमता नजर आया, जिसका वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। रविवार को फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात कॉलोनी में लेपर्ड की हलचल देखी गई। आशंका जताई जा रही है कि वह शिकार की तलाश में रिहायशी इलाके तक पहुंच गया। सीसीटीवी फुटेज में लेपर्ड कॉलोनी की सड़कों पर घूमता स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, हालांकि मौके पर लेपर्ड दिखाई नहीं दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ माह पहले भी इसी इलाके में लेपर्ड मूवमेंट देखा गया था।
इस मामले में वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सूचना मिलने के बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। नाइट पेट्रोलिंग टीम को सक्रिय किया गया है और लेपर्ड को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए पिंजरा लगाया गया है। फिलहाल किसी व्यक्ति या मवेशी पर हमले की सूचना नहीं है।
वन विभाग के अनुसार, गर्मी बढ़ने के साथ पानी और भोजन की तलाश में लेपर्ड कई बार जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। जगतपुरा क्षेत्र झालाना वन क्षेत्र के करीब स्थित है, इसलिए यहां इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और देर रात अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
बता दें कि जयपुर में ऐसा पहला मामला नहीं है। पहले भी कई बार लेपर्ड जयपुर शहर के रिहायशी इलाकों में आ चुका है। हालांकि, हर बार वन विभाग की टीम ने समय रहते उन्हें सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग का कहना है गर्मी के मौसम में पानी और भोजन की तलाश में कई बार लेपर्ड रिहायशी इलाकों की ओर पहुंच जाते हैं। जगतपुरा का यह क्षेत्र झालाना वन क्षेत्र के काफी करीब है। इसकी वजह से यहां लेपर्ड की आवाजाही बढ़ने की संभावना बनी रहती है।