जयपुर

मदनलाल सैनी ने कार्यभार ग्रहण करते ही दिखाए तेवर, इशारों इशारों में कह दी यह बात

राजस्थान प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कार्यभार ग्रहण करते ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
2 min read
Jul 01, 2018
Madan Lal Saini

जयपुर। राजस्थान प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कार्यभार ग्रहण करते ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कार्यभार ग्रहण समारोह में ही कह दिया कि वे किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि विचारधार के लिए काम करते हैं और विधारधारा के रूप में जनसंघ उनका आदर्श है। सैनी ने उनके काम सम्भालने से पहले छाई रही तबादलों को लेकर दो मंत्रियों की झड़प के बीच इशारों इशारों में यह भी कह दिया कि सरकार को कोसना बंद करना होगा। कोई भी व्यक्ति परफैक्ट नहीं होता।

भाजपा आलाकमान ने 74 दिनों के हाइवोल्टेज पोलिटिकल ड्रामे के बाद सैनी को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने शनिवार को पदभार सम्भाला। दिल्ली से लौटे तो एयरपोर्ट पर उनका स्वागत हुआ और वे जुलूस के रूप में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। वहां मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके धुरविरोधी रहे यूपी के प्रभारी राज्यसभा सदस्य ओम माथुर सैनी के अगल बगल थे।

दोनों नेताओं के चेहरे-मोहरे प्रदेश भाजपा में सियासत की नई इबारत लिखने के इशारे कर रहे थे। इसी बीच, सैनी ने जनसंघ और पुराने कार्यकर्ताओं का उल्लेख करके ये संकेत भी दिया कि पार्टी के शुरुआती दिनों से जुड़े लोगों को भी वापस सक्रिय किया जाएगा।

सैनी चूंकि संघ के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। जनसंघ से उनका नाता रहा है, लेकिन भाजपा की आज की राजनीति के उलट उनकी बातों के चुनावी साल में कई निहितार्थ हैं।

प्रदेश में अगले कुछ दिनों में भाजपा की तस्वीर क्या होगी, इसका फिलहाल कयास लगाना आसान नहीं है लेकिन यह तय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद जो कुछ होगा वह चकित करने वाला होगा और चुनाव आते आते प्रत्याशियों के चयन और चुनाव अभियान के दौरान दो विपरीत विचारों का मुकाबला भी देखने को मिलेगा।

Published on:
01 Jul 2018 03:46 pm