ऐसा करने के बाद आरोपित वहां से भाग निकला...
जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में आपसी कहासुनी के बाद युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला का गला कट गया। पुलिस के अनुसार रामनाथ नगर श्रीराम की नांगल निवासी रीना ने मामला दर्ज करवाया कि किसी बात को लेकर उसकी अपने पति चौथमल से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद चौथमल ने सब्जी काटने के चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया। हमले से उसका गला कट गया। हमला करने के बाद आरोपित वहां से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक फंदे से लटका
वहीं जयपुर के रामगंज थाना इलाके में एक युवक ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार हीदा की मोरी निवासी पच्चीस वर्षीय अनिल ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अनिल के देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से आवाज नहीं आने पर खिडक़ी से झांककर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ था। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
छत से गिर कर दो साल के बच्चे की मौत, चाय बनाने गई थी मां
चाय बनाने के चक्कर में में मासूम को छत पर भूलना मां को जिदंगी भर का गम दे गया। खेलने के दौरान मासूम छत से गिर गया और उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामला मानबाग ब्रह्मपुरी, जयपुर का है। पुलिस के अनुसार मानबाग निवासी अलीमुद्दीन का दो साल का बेटा खुसरो छत पर खेलने के दौरान नीचे गिर कर घायल हो गया था। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
पैर फिसलने से बावड़ी में गिरा युवक
घर के बाहर टहलने के दौरान सुबह एक युवक पैर फिसलने से घर के पास बनी बावड़ी में गिर गया। जयपुर के नाहरगढ़ थाना पुलिस ने युवक को बाहर निकलवाया और अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस के अनुसार सलाई बावड़ी निवासी बीस वर्षीय कन्नू सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर के बाहर टहल रहा था, इसी दौरान घर के पास बनी बावड़ी में पैर फिसलने से गिर गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।