जयपुर

राजस्थान में 919 करोड़ रुपए से बनेगा नया फोरलेन हाईवे, 2 साल में 97 लोगों की जा चुकी है जान

मनोहरपुर-दौसा हाईवे (NH-148) को फोरलेन में तब्दील करने की कवायद फिर तेज हो गई है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 919 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
less than 1 minute read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 3:42 PM IST
Manoharpur Dausa Highway
Manoharpur Dausa Highway. Photo- Patrika

Manoharpur Dausa Highway: जमवारामगढ़। मनोहरपुर-दौसा राष्ट्रीय राजमार्ग-148 को फोरलेन बनाने की कवायद फिर तेज हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 62.235 किलोमीटर लंबे हाईवे को चार लेन में चौड़ा करने और पक्के शोल्डर सहित उन्नयन कार्य के लिए 919.20 करोड़ रुपए की निविदा जारी की है। इससे लंबे समय से फोरलेन की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को राहत की उम्मीद जगी है। विधायक महेंद्र पाल मीना ने केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह का आभार जताया है।

पहले भी निरस्त हो चुकी निविदा

एनएचएआई की ओर से 19 नवंबर को जारी निविदा के अनुसार कार्य हाइब्रिड एन्युटी मोड (एचएएम) पर होगा। परियोजना की अनुमानित लागत 919.20 करोड़ रुपए है, जबकि मूल्यांकन के लिए अनुमानित बोली परियोजना लागत 800.66 करोड़ रुपए रखी गई है। इससे पहले भी फोरलेन के लिए निविदा जारी हुई थी, लेकिन प्रक्रिया के दौरान इसे निरस्त कर दिया गया था।

किलर हाईवे पर दो साल में 97 मौतें

मनोहरपुर-दौसा हाईवे दुर्घटनाओं के चलते किलर हाईवे के नाम से पहचान बना चुका है। इस मार्ग से खाटूश्यामजी, सालासर बालाजी और करणी माता के दर्शन के लिए दिल्ली, हरियाणा, यूपी और एमपी सहित कई राज्यों के श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। बीते दो वर्षों में यहां हादसों में 97 लोगों की जान जा चुकी है और सैकड़ों घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने फोरलेन निर्माण के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों और खतरनाक घुमावों का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

फोरलेन बनने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आवागमन सुगम होगा। यह क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है।

  • महेंद्र पाल मीना, विधायक, जमवारामगढ़
Updated on:
23 Nov 2026, 3:42 PM IST
Published on: