
जयपुर।
सामोद थाना इलाके में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता ससुराल में फंदे से झूलती मिली। विवाहिता के पिता और रिश्तेदारों को जब इसकी जानकारी लगी तो अस्पताल पहुंचे, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया और उन्होंने अंतिम संस्कार भी कर दिया।
पीहर पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
पीहर के पक्ष के लोगों ने थाने जाकर दहेज हत्या की शिकायत सौंपी है। मृतका के पिता गोविंदगढ़ डोगलाई निवासी रामकिशोर सीलण ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी ज्योति की शादी 2015 में इटावा भोपजी निवासी संजय के साथ हुई थी।
विवाहिता को दहेज नहीं लाने के लिए किया परेशान
शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे कम दहेज लाने और दहेज में मोटरसाइकिल नहीं लाने के लिए परेशान करने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि शादी के एक साल बाद तक ज्योति मायके में ही रही। समझा-बुझाकर वह ज्योति को फिर से ससुराल छोड़ के आया, लेकिन अब उसकी मौत की सूचना अन्य लोगों से मिली।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव ससुराल वालों को सौंपा
पीहर पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने ज्योति को मारकर लटका दिया है। पुलिस ने भी उनका पक्ष लेते हुए पीहर पक्ष का इंतजार किए बिना पोस्टमार्टम कर शव ससुराल वालों को सौंप दिया। थाने के घेराव के बाद थानाधिकारी पीहर पक्ष की शिकायत लेते हुए मामला दर्ज करने की बात कर रहे हैं।