
शादी के डेढ़ माह में ही विवाहिता ने की खुदकुशी
कोटा . आरकेपुरम् थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने शादी के डेढ़ माह में ही शुक्रवार को घर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है।
थानाधिकारी राजेन्द्र मीणा ने बताया कि आरकेपुरम् बी निवासी प्रिया महावर(24) ने शुक्रवार सुबह घर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। उस समय उसकी सांस चल रही थी। परिजन उसे आरकेपुरम् स्थित निजी अस्पताल लेकर गए। जहां उपचार के दौरान कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि लाडपुरा निवासी प्रिया की शादी डेढ़ माह पहले 20 अप्रेल को ही योगेश कुमार के साथ हुई थी। योगेश बैंक में नौकरी करता था। वह शुक्रवार सुबह 8.30 बजे नौकरी पर गया था। उसके पीछे से प्रिया ने खुदकुशी कर ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो उसके ससुराल वालों ने जाकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर वह फंदे पर लटकी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि अभी शादी को 7 साल से कम समय हुआ है। खुदकुशी का कारण पारिवारिक है या कोई और इस बारे में फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है।
Published on:
01 Jun 2018 04:33 pm
