
शैलेन्द्र अग्रवाल / जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जयपुर यात्रा के दौरान उनका हेलीकॉप्टर यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में उतारने की हाईकोर्ट से अनुमति मांगी गई है। हाईकोर्ट इस प्रार्थना पत्र पर बुधवार को सुनवाई करेगा।
पुलिस की ओर से जयपुर महानगर के उपायुक्त (मुख्यालय) गौरव श्रीवास्तव ने हाईकोर्ट ने प्रार्थना पत्र पेश किया है। इस पर सुनवाई के लिए मंगलवार को न्यायाधीश के एस झवेरी व न्यायाधीश वी के व्यास की खण्डपीठ से अनुमति चाही गई, जिस पर कोर्ट ने प्रार्थना पत्र को बुधवार को सुनवाई के लिए लगाने की इजाजत दे दी। प्रार्थना पत्र में कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी 7 जुलाई को जयपुर आ रहे हैं। उनका हेलीकॉप्टर सवाई मानसिंह स्टेडियम स्टेडियम के एथलेटिक्स ग्राउंड व टेनिस कोर्ट परिसर में उतारने की अनुमति दी जाए।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा है कि हाईकोर्ट ने 2001 में डॉ अनिल शर्मा के मामले में एसएमएस स्टेडियम में गैर खेल गतिविधियों पर पाबंदी लगा दी थी, लेकिन राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए हेलीपेड बनाने की अनुमति दी हुई है। प्रार्थना पत्र अतिरिक्त महाधिवक्ता अनुराग शर्मा के जरिए पेश किया गया है। इसमें स्टेडियम में हेलीकॉप्टर उतारने के लिए कुछ बदलाव करने की अनुमति भी चाही गई है। इसमें कहा है कि 5 व 6 जुलाई को इस यात्रा के लिए ट्रायल किया जाएगा। इस कारण 6 व 7 जुलाई को स्टेडियम के उपयोग की अनुमति दी जाए।
इसलिए चुना स्टेडियम
रैली में आ रहे लोगों की सुविधा के लिए इस विकल्प पर विचार किया जा रहा है। सभा स्थल अमरूदों के बाग में आने वाले बड़े वाहनों को जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर पार्क कराया जा सकता है। ऐसे में प्रधानमंत्री के सभा स्थल पर पहुंचने के लिए दूसरे मार्ग की जरूरत है। कोई विकल्प नहीं मिलने पर हवाई मार्ग का विचार किया गया। सभा स्थल के आस-पास और कोई सुरक्षित स्थान नहीं मिलने पर स्टेडियम को चुना गया है।