
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का आयोजन हुआ जिसका खिताब इस बार क्यूबा की जोआना उरांगा के नाम रहा। जानकारी के अनुसार, ग्रैंड फिनाले में 30 से ज्यादा देशों की प्रतिभागियों ने अपनी जगह बनाने के लिए मुकाबला किया। प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास दिखाने का मौका मिला। सभी के प्रदर्शन के बाद निर्णायकों ने जोआना उरांगा को विजेता चुना। उन्हें पिछले साल की विजेता स्पेन की लोरेना रुइज ने ताज पहनाया।
प्रतियोगिता के दौरान 30 से ज्यादा देश से शामिल हुए प्रतिभागियों को कई चरणों से गुजरना पड़ा। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इन चरणों में हिस्सा लिया और अपनी खासियत दिखाने की कोशिश की। फाइनल में पहुंचने वाली प्रतिभागियों के प्रदर्शन को निर्णायकों ने बारीकी से देखा। सभी की तरफ से अच्छा प्रदर्शन किए जाने की वजह से अंतिम विजेता का फैसला करना आसान नहीं रहा।
ग्रैंड फिनाले के बाद क्यूबा की जोआना उरांगा को मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का विजेता घोषित किया गया। वहीं नामीबिया की चैंटल बोएरेन प्रथम रनर-अप रहीं। पराग्वे की जूलियाना ओकारिज ने द्वितीय रनर-अप का स्थान हासिल किया। अमेरिका की एंड्रिया अल्मेस्टिका तृतीय रनर-अप रहीं, जबकि यूएस वर्जिन आइलैंड्स की डैरेलिस निको चौथी रनर-अप बनीं। इस तरह टॉप-5 में पांच अलग-अलग देशों की प्रतिभागियों ने जगह बनाई।
खिताब जीतने के बाद जोआना उरांगा ने अपनी खुशी जाहिर की और इस सम्मान के लिए सभी का शुक्रिया किया। उन्होंने भारत और यहां के लोगों की भी जमकर तारीफ की। जोआना ने कहा कि भारत में उन्हें बिल्कुल अपने घर जैसा महसूस हुआ। उन्होंने अपने परिवार और सपोर्ट करने वालों का धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि उन्हें भारत से बहुत प्यार है और वह दोबारा यहां आने का इंतजार कर रही हैं। उनके मुताबिक, भारत के लोगों ने उन्हें परिवार जैसा अपनापन दिया।
मिस टीन इंटरनेशनल के इस आयोजन को लेकर मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर और शो के होस्ट निखिल आनंद ने कहा कि जयपुर जैसे खूबसूरत शहर में इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता होना भारत के फैशन और ग्लैमर क्षेत्र की बढ़ती पहचान को दिखाता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन ग्लैमआनंद सुपरमॉडल संस्था के तहत किया गया। वहीं, नेशनल जनसंपर्क निदेशक सर्वेश कश्यप ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसे सफल बनाने में स्थानीय और जिला प्रशासन का अहम सहयोग रहा। उन्होंने आयोजन के दौरान बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन का आभार भी जताया।