जयपुर

CM राजे पर बेनीवाल का निशाना, ‘अब नहीं चलेगा खुद को जाट की बहु, राजपूत की बेटी, गुर्जर की समधन का ढोंग’

Hanuman Beniwal on Vasundhara Raje: बेनीवाल ने एक बार फिर प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर सीधा ज़बानी हमला बोला है।
2 min read
• •
Updated: 16 May 2018, 8:40 AM IST
hanuman beniwal with vasundhara raje

जयपुर/नागौर।

खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने एक बार फिर प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर सीधा ज़बानी हमला बोला है। बेनीवाल ने कहा है कि अब भले ही सीएम राजे कितनी ही जातियों का भरोसा जीतने का ढोंग रच ले, राज्य के किसानों और युवाओं ने उन्हें सत्ता से बेदखल करने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार बीजेपी की हो या कांग्रेस की, दोनों ही पार्टियां भ्रष्टाचार में लिप्त रही हैं और जातियों का ज़हर घोलते आईं हैं। ऐसे में अब जनता तीसरे विकल्प को सत्ता में काबिज़ करवाने का मन बना चुकी है।

राजे पर निशाना
बेनीवाल मंगलवार को अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज के ज़रिये समर्थकों से रु-ब-रु हो रहे थे। सीएम राजे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''राजे यहां पिकनिक मना रहीं हैं और लन्दन जाने की तैयारी में हैं। अब सीएम राजे कितनी ही जातियों-बिरादरियों की बैठकें कर लें, लेकिन कुछ होने वाला नहीं है। चाहे वो खुद को जाट की बहु, राजपूत की बेटी, गुर्जर की समधन और अन्य 71 जातियों का होने का ढोंग रच लें, लेकिन प्रदेश के किसानों और युवाओं ने उनको परमानेंट भेजने की तैयारी कर ली है।''

सीकर रैली होगी ऐतिहासिक- तोड़ेगी रिकॉर्ड
खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल 17 मई को सीकर जिला मुख्यालय पर दोपहर 1 बजे प्रेस वार्ता कर सीकर जिला मुख्यालय पर होने वाली किसान हुंकार महारैली पार्ट-4 की घोषणा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि 7 दिसम्बर 2016 से नागौर जिला मुख्यालय पर किसान हुंकार रैली की शुरुआत हुई थी। उसके बाद बाड़मेर और बीकानेर में भी किसानों और युवाओं ने बढ़ चढ़कर शामिल होकर अपनी ताकत का अहसास करवाकर सरकार की नींद उड़ाई थी। अब बारी सीकर रैली की है। ये रैली पहले की रैली से भी बड़ी होगी।

विधायक ने कहा कि किसानों की सम्पूर्ण कर्जमाफी, टोल मुक्त राजस्थान सहित विभिन्न मुद्दों के लिए जिस जन आंदोलन की शुरुआत की, उसको और अधिक मजबूत करने और व्यवस्था परिवर्तन के लिए संघर्ष को और अधिक मजबूत करेंगे। शेखावाटी क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों व छात्र नेताओं के साथ प्रेस वार्ता कर सीकर रैली की तारीख की घोषणा करेंगे।

विधायक ने कहा कि पूर्व में हुई किसान रैलियों की बदौलत ही दबाव में आकर सरकार ने 50 हजार तक कि कर्जमाफी, स्टेट हाइवे पर टोल फ्री आदि घोषणाएं की, लेकिन हम सम्पूर्ण कर्जमाफी, बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी को रोकने आदि मुद्दों पर आमजन को जगाएंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार को करारा जवाब देंगे।

Published on: