Food Corporation of india: इस वर्ष किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल दिया जाएगा, जिससे उन्हें बाजार की उतार-चढ़ाव भरी कीमतों से राहत मिलेगी।
Agriculture Scheme: जयपुर। किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने के लिए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) मंडल कार्यालय की ओर से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद अभियान 10 मार्च से शुरू किया जाएगा। मंडल प्रबंधक हरगिलास मीणा ने बताया कि इस वर्ष किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल दिया जाएगा, जिससे उन्हें बाजार की उतार-चढ़ाव भरी कीमतों से राहत मिलेगी।
खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए जयपुर, दौसा, टोंक और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में कई खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें दौसा, लालसोट, मंडावर, बांदीकुई, मंडावरी, महवा, बस्सी, चाकसू, शाहपुरा, देवली, दूनी, उनियारा, मालपुरा, बानसूर और कोटपूतली शामिल हैं।
एफसीआई अधिकारियों के अनुसार किसानों को समय पर भुगतान और सरल पंजीकरण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित केंद्रों पर पंजीकरण कराकर गेहूं बिक्री का लाभ उठाएं।