जयपुर

मिसाल बना नदीम : हजारों को शिकस्त दे जीता श्रीमद् भगवत गीता प्रतियोगिता में पहला स्थान

500 विद्यालयों के नौ हजार छात्र-छात्राओं ने लिया था हिस्सा
2 min read
• •
Updated: 20 Dec 2017, 11:27 PM IST
jaipur

जयपुर। गीता पर आयोजित एक जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 16 वर्षीय मुस्लिम लड़के ने पहला स्थान हासिल किया। अक्षयपात्र फाउंडेशन की ओर से श्रीमद् भगवत गीता पर पिछले दिनों एक फेस्ट का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में विजेता छात्रों को बुधवार को अक्षय पात्र परिसर में पुरस्कृत किया गया।


संस्कृत भाषा पर सुलेख की प्रतियोगिता में नौवीं व दसवीं कक्षा के समूह में कानोता निवासी नदीम खान ने राजधानी में पहला स्थान प्राप्त किया। नदीम कानोता निवासी राजकीय आदर्श बालक सीनियर सैकण्डरी स्कूल का छात्र है। नदीम छठीं कक्षा से संस्कृत पढ़ रहा है। दूसरे विषयों की तरह संस्कृत में काफी रूचि है। अद्र्धवार्षिक परीक्षा के कारण नदीम अवॉर्ड लेने नहीं आ पाया। नदीम के स्थान पर उसके परिजनों ने अवार्ड लिया।


वहीं गीता श्लोक गायन में भी जीते

वहीं एक अन्य प्रतियोगिता गीता श्लोक गायन पर भी आयोजित की गई। जिसमें सातवीं से दसवीं कक्षा के ग्रुप में एक निजी स्कूल के छात्र माजिद खान ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा दो छात्राओं ने भी प्रतियोगिता जीती। द्वितीय कक्षा की जाहीन नकवी व चौथी कक्षा की जौराबिया नागौरी ने किड्स सेक्शन में जीत हासिल की है।

गीता जयंती के अवसर पर आयोजित हुई थी गीता फेस्ट
गीता जयंती के अवसर पर हरे कृष्ण मूवमेंट व अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से गीता फेस्ट का आयोजन किया गया था। जिसमें 500 विद्यालयों के नौ हजार विद्यार्थीयों के लिए गीता श्लोक उच्चारण, निबन्ध , सुलेख, कृष्ण क्विज व गोलोक शेड्स कलरिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

मरियम कहलाती है गीता गर्ल
मुम्बई की रहने वाली मरियम सिद्दिकी ने मात्र 12 वर्ष की छोटी उम्र में मुम्बई में आयोजित श्रीमद्भगवत गीता प्रतियोगिता में 100 में से 100 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त कर गीता गर्ल की उपाधि हासिल की थी। इस प्रतियोगिता में 5000 बच्चों ने भाग लिया था। मरियल गीता गर्ल के नाम से भी जानी जाती है।

Published on: