
देवली. गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नासिरदा को ग्राम पंचायत के सहयोग से नया वाटर कूलर एवं आरओ संयंत्र मिला। यह सुविधा प्रशासक किरण उदयसिंह सांसी के प्रयासों से उपलब्ध हुई।
प्रधानाचार्य भगवान शर्मा ने बताया कि वाटर कूलर एवं आरओ संयंत्र से विद्यार्थियों और स्टाफ को वर्षभर शुद्ध व ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा। गर्मी के मौसम में इससे विशेष राहत मिलेगी। इससे पहले जून में भामाशाह घनश्याम शर्मा एवं डॉ. गोपीकृष्ण के सहयोग से विद्यालय को एक कूलर मिल चुका है। जनसहयोग से विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
माहेश्वरी का विदाई समारोह आयोजित
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चांदली में प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश माहेश्वरी का अतिरिक्त सीबीईओ द्वितीय समग्र शिक्षा में स्थानांतरण होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। स्टाफ ने तिलक लगाकर, साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर उनका सम्मान किया। माहेश्वरी ने विद्यालय में साउंड सिस्टम के लिए, चारभुजा मंदिर में माइक के लिए 11 हजार रुपए तथा गौशाला में गायों के चारे के लिए 5100 रुपए भेंट किए। बंथली प्रधानाचार्य अनीता लाठी ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रामकरण प्रजापति, छितर धाकड़, शिवपाल नागर सहित ग्रामीण, स्टाफ एवं छात्र उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य रामकिशन मीणा ने आभार जताया।