जयपुर

National Flag Day in India : झीलों की नगरी में तिरंगे के साथ देशभक्ति का जश्न

Indian Flag : उदयपुर के श्रीरत्न मोहता तिरंगे के जरिए जगाते हैं देशप्रेम। मोहता ने अब तक 12 हजार से अधिक तिरंगे वितरित किए हैं। वे न केवल उदयपुर में, बल्कि देश और विदेश में भी तिरंगे का सम्मान बढ़ा रहे हैं।
2 min read
Jul 22, 2025
Photo: Patrika Network
Photo: Patrika Network

मोहित शर्मा.

जयपुर. राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस, जो हर साल 22 जुलाई को मनाया जाता है, भारत के तिरंगे को अपनाने की ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है। इस दिन को झीलों की नगरी उदयपुर में एक अनूठे अंदाज में मनाया जाता है, जहां 64 वर्षीय श्रीरत्न मोहता पिछले कई वर्षों से तिरंगे बांटकर आजादी और देशभक्ति का जश्न मना रहे हैं।
उनके हाथ में तिरंगा और मन में देशप्रेम का जज्बा लिए वे हर दिन लोगों को तिरंगा भेंट करते हैं, और भारत माता की जय बुलवाते हैं, जिससे न केवल सम्मान का भाव जागता है, बल्कि दूसरों के मन में भी देशभक्ति की लौ प्रज्वलित होती है।

करीब 12 हजार से अधिक तिरंगे बांटकर रचा इतिहास

बैंक सेवा से वरिष्ठ प्रबंधक सेवानिवृत्त श्रीरत्न मोहता ने अब तक 12 हजार से अधिक तिरंगे वितरित किए हैं। वे न केवल उदयपुर में, बल्कि देश और विदेश में भी तिरंगे का सम्मान बढ़ा रहे हैं। सिंगापुर, बैंकॉक, दिल्ली, जयपुर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, भगवानपुरा, नाथद्वारा जैसे शहरों और गांवों में उन्होंने तिरंगा बांटा है। चाय वालों, जूते ठीक करने वालों, बकरी चराने वालों, मजदूरों से लेकर बैंक कर्मचारियों, प्रशासन, पुलिस और राजनेताओं तक, सभी को उन्होंने तिरंगा भेंट कर देशप्रेम का संदेश दिया।

प्रवासी भारतीय सम्मेलनों में भी बांटे तिरंगे

विशेष रूप से प्रवासी भारतीय सम्मेलनों में 300 से अधिक अप्रवासी भारतीयों व अन्य को तिरंगा देकर उन्होंने भारत की शान को वैश्विक मंच पर पहुंचाया।

हर गणतंत्र और स्वतंत्रता दिवस पर अनूठी पहल

मोहता ने बताया कि उन्होंने 12 मार्च 2021 से, जब भारत सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव की शुरुआत की, तब से प्रतिदिन कम से कम दो व्यक्तियों को तिरंगा देना शुरू किया। यह सिलसिला 2 अगस्त 2022 तक निर्बाध रूप से चला। इसके बाद, 15 अगस्त 2021 से शुरू हुए अमृत महोत्सव के तहत उन्होंने प्रतिदिन कम से कम तीन व्यक्तियों को तिरंगा देना शुरू किया, इसके लिए जिला स्तर पर सम्मान मिला। १५ अगस्त २०२४ को एक ही दिन में ७८ लोगों को तिरंगा बैज भेंट किया।

तिरंगे के साथ एकता और गौरव का संदेश

मोहता की यह पहल केवल तिरंगा बांटने तक सीमित नहीं है, यह एकता, गौरव और देशभक्ति का प्रतीक है। हर तिरंगे के साथ वे नई पीढ़ी, विशेषकर बच्चों, में देशप्रेम का बीज बो रहे हैं। उनकी यह मुहिम हर घर तिरंगा अभियान का एक जीवंत उदाहरण है, जो सरकार द्वारा 2022 में शुरू किया गया था, लेकिन मोहता इसे कई वर्षों से अपने स्तर पर जी रहे हैं। तिरंगे की हर पट्टी—केसरिया (साहस), सफेद (शांति), हरा (समृद्धि)—और बीच में अशोक चक्र (प्रगति) उनके इस अभियान में जीवंत हो उठता है।

Updated on:
22 Jul 2025 03:31 pm
Published on:
22 Jul 2025 03:26 pm