
जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र स्थित नींदड़ मोड़ पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरे एक ट्रोले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक बच्चे सहित 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी जारी है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बहुत ज्यादा खतरनाक थी, जिसके कारण बाइक सवार युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे के बाद ट्रोला चालक मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश जारी है। भीषण हादसे के कारण सीकर-जयपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया, वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल की स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही फरार ट्रोला चालक की तलाश भी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।