जयपुर

Exam Special Train: राजस्थान में इस रूट पर चलेगी नीट परीक्षार्थियों के लिए विशेष रेल सेवा

Exam Special Train India: 03 मई को चलेगी अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेनें, छात्रों को मिलेगी राहत, मुख्य स्टेशनों पर ठहराव के साथ समयबद्ध संचालन, 12-12 डिब्बों की व्यवस्था।

less than 1 minute read
May 01, 2026
railway news
Photo AI

NEET Exam Special Train: जयपुर. उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल द्वारा नीट (NEET) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए जयपुर-अलवर और चूरू-जयपुर रूट पर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई है। यह ट्रेनें एक-एक ट्रिप के लिए चलाई जाएंगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पूजा मित्तल के अनुसार, गाड़ी संख्या 09717 चूरू-जयपुर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन रविवार, 03 मई 2026 को सुबह 06:10 बजे चूरू जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन सीकर स्टेशन पर 08:15 बजे पहुंचेगी और 08:20 बजे प्रस्थान कर दोपहर 11:00 बजे जयपुर जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन का मार्ग में बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़ सीकर, सीकर जंक्शन, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढेहर का बालाजी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09719 जयपुर-अलवर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन 03 मई को शाम 19:10 बजे जयपुर जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन दौसा स्टेशन पर 20:22 बजे पहुंचेगी और 20:24 बजे प्रस्थान कर रात 22:55 बजे अलवर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशनों पर रहेगा।

दोनों ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए 10-10 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 2-2 गार्ड डिब्बे लगाए गए हैं, यानी प्रत्येक ट्रेन में कुल 12 डिब्बों की व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

रेलवे द्वारा उठाया गया यह कदम छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, खासकर उन क्षेत्रों में जहां परिवहन की सीमित सुविधाएं हैं।

Published on:
01 May 2026 09:44 pm