जयपुर

यात्रियों को बड़ी राहत: जयपुर रूट पर रोज चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, 5 स्पेशल ट्रेनों में बढ़ाए स्लीपर कोच

Indian Railways: रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एक ओर रेलवे जयपुर रूट पर नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने जा रहा है। वहीं, उत्तर पश्चिम रेलवे ने 5 स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर कोच बढ़ाने का फैसला लिया है।
2 min read
May 21, 2026
Bhavnagar-Shakur Basti Special Train
Bhavnagar-Shakur Basti Special Train (Patrika File Photo)

जयपुर। राजस्थान के रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एक ओर रेलवे जयपुर रूट पर नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने जा रहा है। वहीं, उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते 5 स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर कोच बढ़ाने का फैसला लिया है। स्पेशल ट्रेनों में 2-2 द्वितीय शयनयान श्रेणी (स्लीपर) डिब्बों की बढ़ोतरी होने से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में राहत मिलने की उम्मीद है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भुज-दिल्ली-भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को इसे एक तरफा उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलाया जाएगा। इसके बाद यह नियमित चलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जालोर-दिल्ली एक तरफा उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को 22 मई को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव जालोर से शाम 4:30 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इसके बाद जयपुर स्टेशन पर यह रात 1:30 बजे पहुंचेगी और दस मिनट के ठहराव के बाद रवाना होकर सुबह 7:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह उद्घाटन स्पेशल ट्रेन मोकलसर, समदड़ी, लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

शहरों के बीच कनेक्टिविटी होगी बेहतर

रेलवे अधिकारियों के अनुसार भुज-दिल्ली ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 4 द्वितीय साधारण श्रेणी, 1 पावर कार और 1 गार्ड डिब्बा शामिल होगा। रेलवे ने बताया कि नई रेलसेवा के संचालन से यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी और राजस्थान, गुजरात और दिल्ली के विभिन्न शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 19403 भुज-दिल्ली एक्सप्रेस 23 मई से शुरू होगी, जबकि गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली-भुज एक्सप्रेस 24 मई से चलेगी। यह ट्रेन मार्ग में अंजार, गांधीधाम, बचाउ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इन ट्रेनों में लगाए अतिरिक्त कोच

रेलवे अधिकारियों के अनुसार उधना-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन में उधना से 22 मई से, शकूरबस्ती से 24 मई से 2 अतिरिक्त द्वितीय शयनयान श्रेणी डिब्बे लगाए जाएंगे। वहीं दूसरी उधना-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन में उधना से 22 मई से और शकूरबस्ती से 25 मई से 2-2 अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़े जाएंगे।

इसके अलावा साबरमती-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन में साबरमती से 22 मई से, शकूरबस्ती से 25 मई से, असारवा-शकूरबस्ती-असारवा स्पेशल ट्रेन में असारवा से 23 मई से और शकूरबस्ती से 25 मई से, असारवा-शकूरबस्ती-असारवा स्पेशल ट्रेन में असारवा से 22 मई से व शकूरबस्ती से 24 मई से 2-2 अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़े जाएंगे।

Updated on:
21 May 2026 12:17 pm
Published on:
21 May 2026 12:17 pm