Good News: हिंदू नववर्ष के साथ जयपुर में विकास की कई बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं। रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण, 700 मीटर लंबे आरओबी, 207 नई रोडवेज बसों और गेहूं एटीएम जैसी योजनाओं से शहर के लोगों को राहत मिलेगी।
Development In Jaipur: हिंदू नववर्ष के साथ शहर विकास की नई रफ्तार पकड़ने जा रहा है। रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण से लेकर सड़क परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक, हर क्षेत्र में बड़े बदलाव की झलक देखने को मिलेगी। गांधीनगर स्टेशन का वर्ल्ड क्लास स्वरूप और जयपुर जंक्शन की नई सेकंड एंट्री यात्रियों के सफर को न केवल सुगम बनाएगी, बल्कि शहर की पहचान को भी नई ऊंचाई देगी। रोडवेज के बेड़े में शामिल हो रहीं नई बसें आमजन को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प देंगी।
शिक्षा के क्षेत्र में एक अप्रेल से नए सत्र की शुरुआत के साथ व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है, तो स्वास्थ्य सेवाओं में सवाई मानसिंह अस्पताल का अत्याधुनिक कार्डियक सेंटर मरीजों के लिए राहत लेकर आएगा। बीसलपुर परियोजना के विस्तार से लाखों लोगों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गांधीनगर स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में पुनः विकसित किया गया है। इस पर करीब सवा 200 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। स्टेशन का काम पूरा हो चुका है। संभवत: इस महीने के अंत में नए भवन में बुकिंग कार्यालय, वेटिंग एरिया समेत कई सुविधाएं शुरू हो जाएंगी। अप्रेल के अंत तक जयपुर जंक्शन की सेकंड एंट्री बिल्डिंग शुरू हो जाएगी। इसे भव्य बनाया गया है। इसमें भी अलग-अलग प्रवेश-निकास द्वार, वेटिंग एरिया, एस्केलेटर समेत कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके शुरू होने से हसनपुरा की ओर से आने वाले यात्रियों के दो से तीन किलोमीटर के चक्कर कम हो जाएंगे। साथ ही, यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी।
नव वर्ष पर रोडवेज के बेड़े में गुरुवार को 207 नई बसें शामिल होने जा रही हैं। इन बसों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन 207 नई बसों में 100 ब्लू लाइन, 79 नॉन एसी और 28 एसी बसें शामिल हैं।
जमनालाल बजाज मार्ग से जैकब रोड को जोड़ने वाले सिविल लाइंस आरओबी की सौगात मिलेगी। करीब 700 मीटर लंबाई के इस आरओबी का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने वाला है। इसके बाद सिविल लाइंस फाटक से लोगों को राहत मिलेगी।
एमएमएस अस्पताल परिसर में कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज बिल्डिंग की सौगात मिलेगी। इसका 95 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। फिनिशिंग का काम चल रहा है। निर्माण कार्य जेडीए कर रहा है, बिल्डिंग तैयार कर एसएमएस अस्पताल को सौंपी जाएगी।
शहर को बीसलपुर प्रोजेक्ट के तहत 500 करोड की लागत वाले पृथ्वीराज नगर फेज द्वितीय की सौगात अप्रेल या मई तक मिल जाएगी। इस प्रोजेक्ट के तहत 46 टंकियों का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है और जल्द ही इस क्षेत्र की 5 लाख की आबादी पूर्णतः बीसलपुर के पानी से लाभान्वित होगी। प्रोजेक्ट के तहत फिलहाल 11 टंकियों से जल कनेक्शन जारी करना भी शुरू कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा योजना से जयपुर शहर में जुडे जरूरतमंद मजदूर व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लाभार्थियों के लिए भी सौगात मिलेगी। मजदूरी कर शाम को घर लौटने वाले इन लाभार्थियों को राशन की दुकान बंद होने की चिंता नहीं सताएगी। इनके लिए सरकार गेहूं एटीएम शुरू करने की सौगात देने की तैयारी कर रही है। ये एटीएम कच्ची बस्तियों में संचालित होंगे जहां ऐसे लाभार्थी बड़ी संख्या में रहते हैं।