
राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्ग-25 (NH-25) पर पृथ्वीपुरा गांव के पास मीडियन ओपनिंग (कट) पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप्स को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया के एक वर्ग में चल रही खबरों पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्थिति साफ की है। एनएचएआई ने सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें साझा करते हुए मीडिया रिपोर्ट्स के दावों का खंडन किया है। अथॉरिटी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि मीडिया में दिखाई जा रही तस्वीरें सड़क की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाती हैं।
एनएचएआई द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही फोटो भ्रामक है और वह हाइवे के इस हिस्से की असल स्थिति को पेश नहीं करती। एनएचएआई ने अपने पोस्ट में दो तस्वीरें शामिल की हैं:
पहली तस्वीर (वायरल फोटो): जिसे सोशल मीडिया पर शेयर कर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे थे।
दूसरी तस्वीर (हकीकत की स्थिति): जिसमें एनएचएआई ने ग्राउंड जीरो की वास्तविक स्थिति दिखाई है कि रंबल स्ट्रिप्स का निर्माण यातायात सुरक्षा के मानकों के अनुरूप ही किया जा रहा है।
एनएचएआई ने अपने आधिकारिक बयान में रंबल स्ट्रिप्स के निर्माण की मुख्य वजह का भी खुलासा किया और कहा, पृथ्वीपुरा गांव के पास मीडियन कट होने की वजह से हादसों का खतरा बना रहता था।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के विशेष अनुरोध पर ही वाहनों की गति को नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इन रंबल स्ट्रिप्स का निर्माण कराया जा रहा है।
इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले यात्रियों और गांव के निवासियों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अपने बयान के अंत में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कहा कि वे हाइवे यूजर्स और आम जनता से मिलने वाले बहुमूल्य सुझावों और फीडबैक का हमेशा सम्मान करते हैं। एनएचएआई देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सभी यात्रियों के लिए एक सुरक्षित, सुगम और बेहतरीन यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।