जयपुर

अक्टूबर में घूमने का बना लो प्लान! 2 अक्टूबर से छुट्टियों का सिलसिला, आभानेरी से जोधपुर तक ये रहेंगे खास मौके

Rajasthan Holidays 2026: खास बात यह है कि महीने की शुरुआत में ही गांधी जयंती की शुक्रवार की छुट्टी मिल रही है, जिससे शनिवार-रविवार जोड़कर तीन दिन का वीकेंड बनाया जा सकता है।
2 min read
Sep 23, 2026
public holiday
public holiday (Photo Source - Patrika)

October 2026 Holidays: सितंबर की उमस और मानसून के बाद अक्टूबर का महीना राजस्थान में घूमने-फिरने के लिहाज से खास रहने वाला है। मौसम बदलने के साथ धार्मिक पर्व, सांस्कृतिक आयोजन और छुट्टियां एक साथ आ रही हैं। ऐसे में परिवार के साथ छोटी यात्रा से लेकर दो-तीन दिन के टूर की योजना बनाई जा सकती है। खास बात यह है कि महीने की शुरुआत में ही गांधी जयंती की शुक्रवार की छुट्टी मिल रही है, जिससे शनिवार-रविवार जोड़कर तीन दिन का वीकेंड बनाया जा सकता है। राजस्थान सरकार की 2026 की आधिकारिक अवकाश सूची में 2 अक्टूबर गांधी जयंती, 11 अक्टूबर नवरात्रा स्थापना और 20 अक्टूबर विजयदशमी का सार्वजनिक अवकाश दर्ज है।


2 अक्टूबर की छुट्टी से 3 दिन का पहला मौका


2 अक्टूबर, शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती है। इसके बाद 3 अक्टूबर शनिवार और 4 अक्टूबर रविवार है। यानी नौकरीपेशा लोगों के लिए यह 3 दिन का लगातार अवकाश बन सकता है। इस दौरान जयपुर के आसपास आमेर, नाहरगढ़, जयगढ़, सामोद, सांभर, दूदू और दौसा क्षेत्र की छोटी यात्राएं की जा सकती हैं। ज्यादा समय निकालने वाले लोग रणथंभौर या भरतपुर की ओर भी कार्यक्रम बना सकते हैं।


11 अक्टूबर से नवरात्रि, 20 को दशहरा


राजस्थान में 11 अक्टूबर रविवार से शारदीय नवरात्रि शुरू होगी। नौ दिन तक मंदिरों में पूजा, गरबा-डांडिया और धार्मिक आयोजनों का दौर रहेगा। 19 अक्टूबर को अष्टमी-नवमी के धार्मिक आयोजन होंगे और 20 अक्टूबर मंगलवार को विजयदशमी मनाई जाएगी। नवरात्रि और दशहरा के बीच जयपुर में आमेर-दुर्ग, गोविंददेवजी मंदिर, गलताजी, मोतीडूंगरी और शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर जाना भी एक विकल्प हो सकता है। दशहरा देखने के लिए जयपुर के अलावा कोटा खास आकर्षण रहेगा, जहां राजस्थान पर्यटन के अनुसार प्रसिद्ध दशहरा मेला आयोजित होता है।


11-12 अक्टूबर: आभानेरी उत्सव, चांद बावड़ी के साथ लोक संस्कृति


अक्टूबर में घूमने वालों के लिए एक खास विकल्प आभानेरी उत्सव है। राजस्थान पर्यटन के अनुसार यह आयोजन 11 और 12 अक्टूबर को दौसा जिले के आभानेरी में होगा। जयपुर से करीब 90 किलोमीटर दूर आभानेरी अपनी एक हजार साल से अधिक पुरानी चांद बावड़ी के लिए प्रसिद्ध है। उत्सव में कच्छी घोड़ी, कालबेलिया, घूमर और भवई जैसे लोक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।


24-25 अक्टूबर: जोधपुर में मारवाड़ उत्सव


अगर दो दिन की छुट्टी लेकर पश्चिमी राजस्थान घूमना चाहते हैं तो 24 और 25 अक्टूबरको जोधपुर का मारवाड़ उत्सव खास विकल्प है। इस दौरान लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और राजस्थान की शौर्य-संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम होते हैं। आयोजन के प्रमुख स्थल मेहरानगढ़ किला और जसवंत थड़ा सहित जोधपुर के अन्य ऐतिहासिक स्थल हैं।


अक्टूबर में कब-कब रखें नजर


2 अक्टूबर, शुक्रवार— गांधी जयंती, सार्वजनिक अवकाश

11 अक्टूबर, रविवार — नवरात्रा स्थापना

19 अक्टूबर, सोमवार — दुर्गाष्टमी/महानवमी के आयोजन

20 अक्टूबर, मंगलवार — विजयदशमी/दशहरा, सार्वजनिक अवकाश

24-25 अक्टूबर — जोधपुर मारवाड़ उत्सव

25 अक्टूबर, रविवार— शरद पूर्णिमा

26 अक्टूबर, सोमवार — वाल्मीकि जयंती सहित धार्मिक पर्व

29 अक्टूबर, गुरुवार — करवा चौथ


अक्टूबर का कैलेंडर देखें तो 2 अक्टूबर वाला वीकेंड सबसे स्पष्ट तीन दिन का मौका है। 20 अक्टूबर मंगलवार की दशहरा छुट्टी के साथ सोमवार की छुट्टी अलग से लेने पर चार दिन का ट्रिप बनाया जा सकता है। वहीं 24-25 अक्टूबर शनिवार-रविवार होने के कारण जोधपुर के मारवाड़ उत्सव के लिए सामान्य वीकेंड में ही यात्रा की जा सकती है। हालांकि निजी संस्थानों में अवकाश का नियम अलग हो सकता है, इसलिए यात्रा से पहले अपने कार्यालय का कैलेंडर जरूर देख लें।

Updated on:
23 Sept 2026 11:31 am
Published on:
23 Sept 2026 11:31 am