जयपुर

ठगी का नया तरीका : इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की मेल भेजी, मोबाइल हैक कर ऑनलाइन उड़ाई 17 लाख की एफडी

साइबर थाने में दर्ज हुआ मामला
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2017, 9:07 PM IST
jaipur

जयपुर . इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के नाम से रिफंड की ई-मेल भेजकर एक व्यक्ति की 17 लाख रुपए की एफडी तुड़वा कर ठगी कर ली। जालसाजों ने ऑनलाइन ठगी का एक और नया तरीका निकाला है। पीडि़त ने इस संबंध में साइबर थाने में मामला दर्ज कराया है।

लालकोठी स्थित कृष्णा नगर प्रथम निवासी पीडि़त गौरव शर्मा ने साइबर थाने में ठगी का मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि उसकी ई-मेल आईडी पर इनकम टैक्स रिफंड के लिए लिंक मेल आया एवं टीडीएस रिफंड किए जाने के लिए पीडि़त से ऑनलाइन आईसीआईसीआई बैंक की जानकारी ऑनलाइन ले ली। इसी तरह का एक लिंक परिवादी के मोबाइल नंबर भेजकर ऑनलाइन लिंक पर क्लिक करवाकर परिवादी के मोबाइल नंबर को हैक कर दिया। जालसाजों ने फिर ओपीटी नंबर मंगवाकर आईसीआईसीआई बैंक खाते की दो एफडी डिपोजिट तुड़वा कर 17 लाख रुपए ऑनलाइन डेबिट कर दिए। डेबिट संबंधित मैसेज भी पीडि़त के पास आईसीआईसीआई बैंक की तरफ से नहीं आकर किसी अन्य मोबाइल नंबर से आया है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक ताराचंद शर्मा कर रहे हैं।

मोबाइल में भी एप नहीं रखें

निरीक्षक गजेन्द्र शर्मा ने बताया कि लोग मोबाइल में बैंकों का एप डालने से बचें। साइबर थाने में ऐसा एक मामला भी सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति का मोबाइल लेकर अन्य व्यक्ति ने पीडि़त के बैंक खाते से ऑनलाइन 6 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए। मैसेज आने पर उसे डिलिट कर मोबाइल वापस पीडि़त को दे दिया।

एटीएम की जानकारी भी नहीं करें साझा
निरीक्षक शर्मा ने बताया कि मोबाइल पर बैंक अधिकारी या कर्मचारी बनकर फोन करने वालों को कभी भी अपने एटीएम और बैंक खाते की जानकारी नहीं दे। बैंक का पत्र मिलने पर संबंधित बैंक अधिकारी से संपर्क करें।

Published on: