
जयपुर। राजस्थान में किसानों के लिए बकाया अल्पकालीन फसली ऋण जमा कराने की अवधि आगामी 15 अगस्त तक बढ़ा दी गई हैं। राज्य के सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक ने राजस्थान फसली ऋण माफी योजना 2018 की क्रियान्विति प्रगति एवं ऋण वितरण की समीक्षा बैठक में रविवार को यह जानकारी दी।
किलक ने कहा कि अल्पकालीन फसली ऋण से जुड़े जिन किसानों ने तीस जून तक बकाया फसली ऋण नहीं चुकाया है वे अब 15 अगस्त तक अपने ऋण का चुकारा कर सकते हैं।मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिनसे तय समय पर ऋण नहीं चुकाने पर ब्याज वसूला गया है, उन्हें ब्याज वापस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऋण माफी में जो किसान अपात्र हैं और 15 अगस्त तक अपना बकाया ऋण जमा कराते हैं तो उनसे भी शास्ति एवं ब्याज नहीं लिया जाएगा।
18.66 लाख किसानों को दिए ऋण माफी प्रमाण-पत्र
किलक कहा कि अब तक 18.66 लाख किसानों को ऋण माफी प्रमाण-पत्र जारी किए गए हैं जिसकी राशि पांच हजार 687 करोड़ रूपए से अधिक है तथा कैम्पों के दौरान 10.52 लाख से अधिक किसानों को 3 हजार 59 करोड़ रूपए से अधिक राशि के ऋण माफी प्रमाण-पत्र वितरण किए जा चुके हैं।
विभाग के प्रमुख शासन सचिव अभय कुमार ने बताया कि राज्य में अब तक 4 हजार 908 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के ऋ़ण माफी शिविर आयोजित हो चुके हैं।
बैठक के दौरान विशिष्ट सहायक (सहकारिता एवं गोपालन मंत्री) मातादीन मीणा, निजी सचिव करम चंद चौधरी, अतिरिक्त खण्डीय रजिस्ट्रार, केन्द्रीय सहकारी बैंकों के प्रबन्ध निदेशक, ऋण माफी शिविरों के मोनेटरिंग अधिकारी, उप रजिस्ट्रार, अपेक्स बैंक के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।