पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण से ठीक एक दिन पहले हुई अग्नि दुर्घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए इस घटना को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताते हुए रिफाइनरी को हर राजस्थानी के लिए गर्व का प्रतीक बताया।
पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे राजस्थान को चौंका दिया है। कल, यानी 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महा-परियोजना का लोकार्पण करने वाले हैं, लेकिन उससे ठीक 24 घंटे पहले हुई इस घटना ने हड़कंप मचा दिया है। इस संवेदनशील घड़ी में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए प्रदेशवासियों की सुरक्षा की कामना की है।
अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया मंच (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, ''बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी में आग लगने की खबर सुनकर चिंता हुई। रिफाइनरी हम सभी राजस्थानियों के लिए गर्व करने वाली परियोजना है जिसका कल उद्घाटन होना है। ऐसे समय पर यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।''
गहलोत ने आगे लिखा कि वह इस कठिन समय में वहाँ मौजूद सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की सलामती की प्रार्थना करते हैं।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से रिफाइनरी के श्रेय (Credit) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी चल रही थी। अशोक गहलोत लगातार इस प्रोजेक्ट की लागत बढ़ने और देरी के लिए भाजपा सरकार को घेर रहे थे। हालांकि, आज हुए हादसे के बाद उन्होंने राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखते हुए एक अभिभावक के तौर पर चिंता जाहिर की है, जिसे सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।
रिफाइनरी की CDU-VDU यूनिट (जिसे मुख्य रूप से पीएम को समर्पित किया जाना है) में हुए इस हादसे के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती है।
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी अलर्ट मोड पर आ गए हैं। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री खुद स्थिति का जायजा लेने के लिए रिफाइनरी पहुँच सकते हैं। जिला प्रशासन और दमकल की दर्जनों गाड़ियां अभी भी मौके पर 'कूलिंग ऑपरेशन' में जुटी हैं।