जयपुर

Pahalgam Terror Attack : नीरज उधवानी का पार्थिव शरीर देख आंखों से आंसू छलके, फूटा आक्रोश, आज होगा अंतिम संस्कार

Pahalgam Terror Attack : पहलगाम आतंकी हमले में राजस्थान के जयपुर के नीरज उधवानी ने अपनी जान गंवाई। बुधवार को नीरज उधवानी का पार्थिव शरीर मॉडल टाउन के फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी पहुंचा। आज गुरुवार को नीरज उधवानी का अंतिम संस्कार होगा।
2 min read
• •
Updated: 24 Apr 2025, 7:01 AM IST
Pahalgam Terror Attack Neeraj Udhwani Body Reached Jaipur Last Rites Today

Pahalgam Terror Attack : जयपुर के मॉडल टाउन स्थित फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी। लोगों की आंखें नम, फ्लैट्स में अंधेरा, बालकनी में लोग नीरज उधवानी की पार्थिव देह का इंतजार कर रहे थे। बुधवार शाम को रेजीडेंसी में पसरा सन्नाटा शायद लोगों का आक्रोश दबाए बैठा था। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के शिकार हुए नीरज उधवानी की पार्थिव देह फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी के बाहर पहुंची, लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े और आक्रोश फूट पड़ा।

देश में दहशत का माहौल, लोग कहां सुरक्षित हैं - पल्लवी कौर का सवाल

आंसू पोंछते हुए स्थानीय पल्लवी कौर कहने लगी, देश में दहशत का माहौल है, लोग कहां सुरक्षित हैं। इस बीच लोग इंसाफ करो… इंसाफ करो, आतंकवाद को साफ करो…, नीरज भाई अमर रहे, अमर रहे… जैसे नारे लगाते हुए आक्रोश प्रकट करते नजर आए। रात 8 बजकर 50 मिनट पर पुलिस सुरक्षा के बीच नीरज की पार्थिव देह फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी पहुंची, सीधे ही पुलिस ने अंदर प्रवेश कराया और रेजीडेंसी का मुख्य गेट बंद कर दिया।

नीरज के पार्थिव देह का आज होगा अंतिम संस्कार

इस बीच सैनिक कल्याण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी पहुंचे और सीधे रेजीडेंसी में चले गए। पार्थिव देह के साथ पत्नी आयुषी, बड़े भाई किशोर, भाभी शुभि भी आए। नीरज के पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे झालाना स्थित मोक्षधाम ले जाया जाएगा।

खामोशी छाई रही…

इससे पहले शाम 7 बजे मुख्य सड़क की स्लीप लेन पर बैरिकेड्स लगाकर लोगों का आवागमन रोक दिया गया। रेजीडेंसी के मुख्य गेट पर पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया। रेजीडेंसी में बाहर से आने वालों को अंदर जाने से रोक दिया। लोग आ-जा रहे थे, एक-दूसरे से मिलते, पर खामोशी छाई रही। लोगों ने बताया कि आज कई घरों में भोजन भी नहीं बना।

एयरपोर्ट पर दी श्रद्धांजलि

नीरज की पार्थिव देह को बुधवार रात 8.15 बजे दिल्ली से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से जयपुर लाया गया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उसी फ्लाइट से जयपुर पहुंचे। वहां पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, विधायक कैलाश वर्मा, रफीक खान, रामकेश मीणा, अजयपाल सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि दी।

Updated on:
24 Apr 2025, 7:01 AM IST
Published on: