जयपुर

Patrika Jaipur 6 AM: फिर होगी फिटनेस, फ्रेशनेस और फन से भरी सुबह, पत्रिका गेट और वैशाली नगर में जुटेंगे जयपुराइट्स

जयपुर में एक बार फिर ‘जयपुर 6 एएम’ पहल के तहत रविवार सुबह शहरवासियों के लिए फिटनेस, योग और सांस्कृतिक गतिविधियों से भरपूर आयोजन होने जा रहा है। पत्रिका गेट और वैशाली नगर में होने वाले इस कार्यक्रम में लोग स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मक माहौल के साथ दिन की शुरुआत करेंगे।
2 min read
Jun 27, 2026
Jaipur 6AM
फोटो: पत्रिका

Patrika Event Jaipur 6AM Experience Your City: अगर आप रविवार की सुबह को कुछ अलग अंदाज में शुरू करना चाहते हैं, तो अलार्म सेट कर लीजिए। गुलाबी नगरी में रविवार की सुबह एक बार फिर फिटनेस, ऊर्जा और सकारात्मक माहौल से सराबोर होने जा रही है। राजस्थान पत्रिका की पहल ‘जयपुर 6 एएम : एक्सपीरियंस योर सिटी’ के तहत 28 जून, रविवार को सुबह 6 से 8 बजे तक शहर के दो प्रमुख स्थानों पत्रिका गेट, जवाहर सर्कल और वैशाली नगर स्थित नर्सरी पार्क में विशेष आयोजन होगा।

यह आयोजन सिर्फ एक्सरसाइज तक सीमित नहीं, बल्कि एक ऐसी पहल है जो लोगों को व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर खुद के लिए जीने, स्वस्थ रहने और समाज से जुड़ने का अवसर देती है।

सुबह की ताजी हवा, संगीत की लय और सामूहिक उत्साह के बीच प्रतिभागी योग, जुम्बा, स्ट्रेचिंग, फिटनेस एक्टिविटी और पारंपरिक खेलों का आनंद लेंगे। इन गतिविधियों के जरिए न केवल शरीर सक्रिय होगा, बल्कि मानसिक ताजगी और सकारात्मक ऊर्जा का भी अनुभव मिलेगा। कार्यक्रम में बच्चे हों, युवा, महिलाएं या वरिष्ठ नागरिक हर किसी के लिए यहां कुछ न कुछ खास रहेगा। परिवार और दोस्तों के साथ रविवार की शुरुआत हेल्दी और खुशहाल अंदाज में की जा सकेगी।

फिटनेस के साथ सोशल कनेक्ट का संदेश

पत्रिका गेट पर कार्यक्रम का संयोजन कर रही संस्था टीम मित्राय के डॉ. विनीत ने बताया कि राजस्थान पत्रिका की यह पहल लगातार जयपुरवासियों को सार्वजनिक स्थलों से जोड़ते हुए फिटनेस, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दे रही है। कार्यक्रम में विशेषज्ञ प्रशिक्षक भी मौजूद रहेंगे, जो प्रतिभागियों को सही तकनीक और सुरक्षित अभ्यास के बारे में मार्गदर्शन देंगे।

वैशाली नगर में हेल्दी मॉर्निंग की पूरी डोज
(योग परिवार वैशाली नगर के तत्वावधान में)

  • योग, संगीत और मेडिटेशन
  • जुम्बा से एनर्जेटिक शुरुआत
  • पारंपरिक खेलों का मजा
  • परिवार संग फिटनेस टाइम
  • हेल्दी लाइफस्टाइल का संदेश

अपडेट और वाइब के लिए इंस्टाग्राम पर फॉलो करें: Jaipur6AM

पत्रिका गेट पर योग, लाइव म्यूजिक और राजस्थानी लोकनृत्यों की छटा

सुबह 6 से 8 बजे तक जवाहर सर्कल स्थित पत्रिका गेट पर टीम मित्राय के संयोजन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सामूहिक योग के जरिए दिन की ऊर्जावान शुरुआत होगी। डॉ. विनीत शर्मा और रश्मि शर्मा प्रतिभागियों को संगीत के बीच योगाभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। संगीत और संस्कृति की रंगत देखने को मिलेगी। फिल्म और वेब सीरीज में अभिनय कर चुके टीटू वर्मा अपनी गायिकी से माहौल को सुरमय बनाएंगे। वहीं, विश्वप्रसिद्ध कालबेलिया नृत्यांगना गुलाबो टीम के साथ मनमोहक प्रस्तुति देकर राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगी। हरि डांगी, नेहा पाठक, नेहा भार्गव, वीरू बेनीवाल अपनी टीम के साथ भक्ति संगीत गायन की प्रस्तुति देंगे। इस आयोजन से लोगों का जुड़ाव बढ़ता जा रहा है। कार्यक्रम में आरपीएस संदीप सारस्वत, हिमांशु कुलदीप के अलावा एसएमएस अस्पताल के डॉ. संजय शेखावत, कैप्टन शशि किरण के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, प्रोफेशनल्स, सोशल वर्कर्स, कलाकार, युवा और परिवार भी शामिल होंगे।

Published on:
27 Jun 2026 10:31 am