जयपुर

‘ऊपर से फोन करा दो, रात 12 बजे बाद भी मिल जाएगी एंट्री’, पत्रिका की पड़ताल में जयपुर के क्लबों का सच आया सामने

Jaipur Night Club News: न्यू आतिश मार्केट स्थित सनी टॉवर की सातवीं मंजिल पर क्लब पार्टी में हुए मर्डर के 21 घंटे बाद पत्रिका की पड़ताल में सामने आया कि कुछ क्लबों में आधी रात के बाद भी गतिविधियां जारी रहीं।
2 min read
Jul 15, 2026
Clubs in Jaipur
जयपुर के नाइट क्लब। फोटो: पत्रिका

जयपुर। जयपुर शहर में देर रात होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने नाइट क्लबों को रात 12 बजे तक बंद करने के निर्देश दे रखे हैं। लेकिन न्यू आतिश मार्केट स्थित सनी टॉवर की सातवीं मंजिल पर क्लब पार्टी में हुए मर्डर के 21 घंटे बाद पत्रिका की पड़ताल में सामने आया कि कुछ क्लबों में आधी रात के बाद भी गतिविधियां जारी रहीं। हालांकि घटना के बाद अधिकांश क्लबों में खौफ का माहौल नजर आया और कई स्थानों पर क्लब समय से पहले बंद भी मिले। कुछ इलाकों में पुलिस की चेतक गाड़ियां क्लबों के पास गश्त करती दिखीं, लेकिन रात 12 बजे से पहले क्लबों को बंद कराने की कोई विशेष कार्रवाई नजर नहीं आई।

गौरव टावर क्षेत्र के दो क्लबों की स्थिति ने पुलिस के आदेशों की जमीनी हकीकत भी सामने रख दी। जबकि, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शहर में देर रात होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए सभी थाना प्रभारियों को रात 12 बजे तक नाइट क्लब बंद कराने के निर्देश दिए हुए हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर क्लबों में निर्धारित समय के बाद भी गतिविधियां जारी रहने की शिकायतें सामने आती रही है।

सायरन बजाते दो बार गुजरी चेतक टीम

गौरव टावर क्षेत्र में एक इमारत की पांचवीं मंजिल पर संचालित नाइट क्लब में रात 12 बजे के बाद भी युवक-युवतियों की आवाजाही जारी थी। पुलिस की चेतक गाड़ी दो बार सायरन बजाते हुए वहां से गुजरी, लेकिन क्लब का संचालन जारी रहा। कुछ कपल्स को भी प्रवेश दिया गया। जब रिपोर्टर ने सुरक्षाकर्मी से प्रवेश के बारे में पूछा तो उसने कहा कि अब तो ऊपर से फोन करा दो, तब एंट्री मिल सकती है। क्लब में रात करीब 12.30 बजे तक लोगों की आवाजाही बनी रही।

तब बंद हुआ क्लब

गौरव टावर क्षेत्र का एक अन्य नाइट क्लब भी आधी रात के बाद तक संचालित होता मिला। इसके बाद चेतक पुलिस के मौके पर पहुंचने पर क्लब बंद कराया गया। पुलिस के पहुंचते ही सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश द्वार बंद कर दिया और लोगों की आवाजाही रोक दी।

इनका कहना है

क्लबों को रात 12 बजे तक अनिवार्य रूप से बंद करने के स्पष्ट निर्देश हैं। निर्धारित समय के बाद क्लब संचालित मिलता है या नियम तोड़ता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है।
-रंजीता शर्मा, डीसीपी (ईस्ट)

Updated on:
15 Jul 2026 09:33 am
Published on:
15 Jul 2026 09:31 am
Also Read
View All