15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘कौन है रोहित गोदारा?’, कुख्यात गैंगस्टर को लेकर बीकानेर रेंज IG ओमप्रकाश ने दिया अजीब बयान

Gangster Rohit Godara: तीन राज्यों में 74 से ज्यादा संगीन वारदातों से पुलिस की नींद उड़ाने वाले गैंगस्टर रोहित गोदारा से बीकानेर रेंज पुलिस के मुखिया अनजान हैं। यह चौंकाने वाली जानकारी खुद आइजी ओमप्रकाश ने मीडिया को दी।
2 min read
Google source verification
Bikaner Range IG Omprakash-Rohit Godara

बीकानेर रेंज आइजी ओमप्रकाश और गैंगस्टर रोहित गोदारा। पत्रिका फाइल फोटो

बीकानेर। तीन राज्यों में 74 से ज्यादा संगीन वारदातों से पुलिस की नींद उड़ाने वाले गैंगस्टर रोहित गोदारा से बीकानेर रेंज पुलिस के मुखिया अनजान हैं। यह चौंकाने वाली जानकारी खुद आइजी ओमप्रकाश ने मीडिया को दी। बीकानेर के एक गांव में रोहित गोदारा के पिता के सूने घर में बुलडोजर से तोड़फोड़ का मामला सामने आने पर मीडिया ने पुलिस प्रशासन का पक्ष जानना चाहा तो आइजी ओमप्रकाश ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रोहित गोदारा नाम का कोई गैंगस्टर है ही नहीं। कोई जेबकतरा हो, तो ध्यान नहीं।

उन्होंने कहा कि पता नहीं रोहित गोदारा कौन है। बहुत सारे भगोड़े हैं। इस तरह के करीब 100 भगोड़े हमारे पास हैं। किसी का घर टूटा है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। शिकायत आएगी तो देखेंगे। सनसनीखेज मामले में जिम्मेदार अधिकारी का ऐसा बयान चर्चा में रहा। गौरतलब है कि रोहित गोदारा के खिलाफ राजस्थान व अन्य राज्यों में लूट, मारपीट, रंगदारी, फायरिंग, हत्या व हत्या का प्रयास, फिरौती मांगने जैसे 74 संगीन मामले दर्ज हैं।

फोन बंद कर लिया

चक एक बीएचएम में मकान तोड़ने की कार्रवाई के संबंध में लूणकरनसर उपखंड अधिकारी दयानंद रूयल से मोबाइल पर संपर्क किया। उन्होंने पूरा घटनाक्रम जानने के बाद फोन स्विच ऑफ कर दिया। कुछ देर बाद फिर से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका नो-रिप्लाई रहा।

खेत में बना सूने घर पर चला बुलडोजर

लूणकरनसर क्षेत्र में सोमवार देर रात गैंगस्टर रोहित गोदारा के पिता गांव चक एक बीएचएम स्थित संतदास स्वामी के सूने मकान को देर रात बुलडोजर से ढहा दिया गया। यह मकान बीकानेर से 94 किमी और लूणकरनसर से 20 किमी दूर खेत की ढाणी में है। अहम बात यह है कि पुलिस और प्रशासन ने किसी भी तरह की कार्रवाई से साफ इनकार किया है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात कुछ लोग बुलडोजर और अन्य वाहनों के साथ पहुंचे और मकान में तोड़फोड़ कर चले गए। शुरुआत में लोगों ने इसे प्रशासन की कार्रवाई माना, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस ध्वस्तीकरण से प्रशासन का कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार के खिलाफ दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, रोहित गोदारा उर्फ रावताराम उर्फ रोहित स्वामी के माता-पिता को 28 मई 2026 को आपराधिक षड्यंत्र के एक मामले में रतनगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें अभी तक जमानत नहीं मिली है। पिता को हरियाणा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर ले जा चुकी है। वहीं, भाई हनुमान को भी श्रीगंगानगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसे बाद में हरियाणा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर ले गई। परिवार के सदस्यों के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में सौ से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

उठ रहे हैं सवाल

-यदि प्रशासन की कार्रवाई नहीं थी, तो मकान किसने गिराया?
-घटना के पीछे कोई आपसी विवाद या अन्य कारण तो नहीं?
-आधी रात बुलडोजर और वाहनों के साथ पहुंचे लोग कौन थे?
-मौके पर मौजूद लोगों और जेसीबी की पहचान कैसे होगी?