
श्रीडूंगरगढ़-घटना स्थल पर पूछताछ करते पुलिस अधिकारी (फोटो: पत्रिका)
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के बाना गांव में एक वृद्ध महिला की कथित रूप से उसके ही बेटे की ओर से लाठी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक निकेत पारीक और थानाधिकारी कश्यप सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लाठी जब्त कर आरोपी रामनिवास को डिटेन कर लिया।
मृतका गीता देवी (70) के बड़े पुत्र ओमप्रकाश स्वामी ने रिपोर्ट में बताया कि शनिवार रात भोजन के बाद सभी सदस्य अपने-अपने स्थान पर सो गए थे। गीता देवी भी घर के बाखल में चारपाई पर सो रही थीं। रात शांतिपूर्वक बीती और किसी को किसी तरह की अनहोनी की आशंका नहीं थी। सुबह करीब चार बजे छोटे भाई रामनिवास की पत्नी के चीखने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे। वहां मां के सिर से खून बह रहा था और रामनिवास उन्हें चारपाई पर घसीट रहा था। परिजनों के पहुंचने पर वह वहां से चला गया।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी की पत्नी रात करीब दो बजे तक जाग रही थी। उसके सोने के बाद रामनिवास ने कथित रूप से सो रही मां पर लाठी से कई वार किए। हमले के दौरान गीता देवी को संभलने या बचाव का कोई मौका नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल होकर चारपाई पर ही गिर पड़ीं। इसके बाद पत्नी को जगाकर कहा कि मां मर गई। पत्नी के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले चार-पांच वर्षों से मानसिक बीमारी का उपचार करा रहा था। उसकी मानसिक स्थिति के कारण घर में अक्सर विवाद होता था।
पुलिस आरोपी के इलाज और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके। थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि मृतका के बड़े पुत्र की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात में प्रयुक्त लाठी जब्त कर ली गई है तथा डिटेन आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
Updated on:
13 Jul 2026 07:46 am
Published on:
13 Jul 2026 07:44 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
