बारिश ने शहर की वास्तविक तैयारियों की पोल खोल दी और यह साबित कर दिया कि जयपुर के ड्रेनेज सिस्टम की हालत हर बार मौसम के सामने कितनी नाजुक रहती है।
Jaipur Rain: मंगलवार को पोस्ट मानसून की बारिश ने शहर को ऐसा भीगा दिया कि ऐसा लग रहा था मानो ड्रेनेज सिस्टम भी छुट्टी पर चला गया हो। ढाई घंटे की झमाझम बारिश ने शहर की सड़कें तालाब में बदल दीं और वाहन चालक दो घंटे तक जाम में फंसे रहे। लोगों को घर पहुंचने के लिए पानी और जाम, दोनों को पार करना पड़ा। बारिश ने शहर की वास्तविक तैयारियों की पोल खोल दी और यह साबित कर दिया कि जयपुर के ड्रेनेज सिस्टम की हालत हर बार मौसम के सामने कितनी नाजुक रहती है।
बारिश के कारण मंगलवार को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आवाजाही करने वाली करीब एक दर्जन फ्लाइट्स का शेड्यूल प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत पुणे और दिल्ली जाने-आने वाले यात्रियों को हुई।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, स्पाइसजेट एयरलाइंस की रात 9:50 बजे जयपुर आने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की शाम 4:40 बजे जयपुर आने वाली फ्लाइट साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंची। इंडिगो एयरलाइंस की रात 8 बजे उदयपुर से आने वाली फ्लाइट दो घंटे की देरी से पहुंची। शाम 5:10 बजे चंडीगढ़ और शाम 5:55 बजे दिल्ली से आने वाली फ्लाइट डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची। एयर इंडिया की मुंबई से शाम 6 बजे आने वाली फ्लाइट एक घंटे की देरी से पहुंची।
इंडिगो एयरलाइंस की अहमदाबाद से शाम 6:30 बजे आने वाली फ्लाइट एक घंटे की देरी से पहुंची। लखनऊ से शाम 7:25 बजे आने वाली फ्लाइट आधा घंटे की देरी से जयपुर पहुंची। इधर, जयपुर से रवाना होने वाली फ्लाइट्स में भी देरी देखी गई। एयर इंडिया की दोपहर 12:45 बजे पुणे जाने वाली फ्लाइट चार घंटे की देरी से रवाना हुई। इंडिगो एयरलाइंस की शाम 6:45 बजे बेंगलूरु और शाम 8:40 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट्स एक घंटे की देरी से रवाना हुईं। एयर इंडिया की शाम 6:35 बजे और 6:55 बजे अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट एक घंटे की देरी से रवाना हुई। शाम 5:30 बजे उदयपुर जाने वाली फ्लाइट डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई।
बारिश शाम चार बजे शुरू हुई और साढ़े छह बजे तक शहर में तीन इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान जेएनएल मार्ग, टोंक रोड, मालवीय नगर, दुर्गापुरा, एमआइ रोड, सोडाला, वैशाली नगर, अजमेर रोड और सीकर रोड पर यातायात ठप हो गया। कार, बाइक और स्कूटर पानी में फंस गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
तेज बारिश ने जयपुर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल दी। कई जगह पानी की निकासी के लिए पर्याप्त जगह न होने के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं। नालों के ओवरफ्लो होने से हालात और भी बदतर हो गए। टोंक फाटक से बजाज नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहन पानी में फंस गए और कुछ वाहन खराब हो गए। लोग वाहन धक्का देकर निकालते नजर आए। कॉलोनियों और कच्ची बस्तियों में भी जलभराव हुआ, कई घरों में पानी घुस गया।
बारिश के बाद शहर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बारिश के दौरान तापमान में 3.2 डिग्री की कमी आई। शाम सात बजे तक पारा 28 डिग्री तक गिर गया।
केसर चौराहा मुहाना मंडी रोड पर सड़कें इस कदर टूटी हुई हैं कि मंगलवार को एक ट्रक का पहिया भी धंस गया। इसके बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालक परेशान हो गए। त्योहार आने के बावजूद स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई सुध नहीं ली जा रही, जिससे लोगों का धैर्य भी खत्म हो रहा है।