
जयपुर। शहर में होने वाली 'पिंक सिटी हाफ मैराथन-2026' की वजह से कल जयपुर के ट्रैफिक में बड़ा बदलाव किया गया है। मैराथन में दौड़ने वालों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नया रूट चार्ट जारी किया है। इसके तहत रविवार सुबह 4 बजे से ही मैराथन वाले रास्तों पर सभी बड़े और भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोक दी जाएगी।
सुबह 5:30 बजे से शहर की मुख्य सड़कों पर सामान्य ट्रैफिक को भी डायवर्ट कर दिया जाएगा। खास तौर पर रामनिवास बाग से लेकर जवाहर सर्किल तक पूरे जेएलएन (JLN) मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी और गाड़ियों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। इसके अलावा, मालवीय नगर पुलिया से अपेक्स सर्कल की ओर और बजाज नगर तिराहे से केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 तक जाने वाले ट्रैफिक को भी दूसरे रास्तों पर मोड़ा जाएगा। वहीं, त्रिमूर्ति सर्कल, सूचना केंद्र और घोड़ा सर्कल से आरोग्य पथ तिराहे की तरफ जाने वाले वाहन भी निर्धारित रूट पर नहीं जा सकेंगे।
रविवार को बस से सफर करने वाले यात्रियों को भी बदले हुए रास्तों का ध्यान रखना होगा। आगरा और दिल्ली रोड की तरफ से सिंधी कैंप बस स्टैंड आने वाली रोडवेज बसें अब गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट चौराहा, सांगानेर गेट, मानप्रकाश स्लिप लेन, अशोक मार्ग और अहिंसा सर्कल होते हुए सिंधी कैंप पहुंचेंगी। इसी तरह, सिंधी कैंप से आगरा और दिल्ली रोड की तरफ जाने वाली बसों को गौशाला चौराहा, एमआई रोड, यादगार तिराहा, सांगानेर गेट और घाटगेट चौराहे से होकर निकाला जाएगा।
यातायात पुलिस ने साफ किया है कि रविवार को मैराथन के पूरे रूट पर किसी भी तरह के वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। अगर कोई वाहन नो-पार्किंग में खड़ा पाया गया, तो पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी। ऐसे में जाम और किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए शहरवासियों से अपील की गई है कि वे सुबह के समय इन रास्तों से बचें और पुलिस द्वारा तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।