PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी करेंगे। देश के 9.32 करोड़ किसानों को 18,640 करोड़ रुपये मिलेंगे। राजस्थान के 66.76 लाख किसानों को 1335 करोड़ रुपये मिलेंगे। जयपुर के दुर्गापुरा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा।
PM Kisan Samman Nidhi: देश के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए आज का दिन उत्सव के समान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को 'पीएम-किसान उत्सव दिवस' के अवसर पर महत्वाकांक्षी 'पीएम किसान सम्मान निधि योजना' की 22वीं किस्त सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेंगे।
बता दें कि असम के गुवाहाटी में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह से प्रधानमंत्री मोदी देश के 9.32 करोड़ से अधिक कृषकों को 18,640 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर करेंगे।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि राजस्थान के लिए यह विशेष अवसर है। राज्य के 66.76 लाख से अधिक किसानों के खातों में 1,335 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जमा की जाएगी।
जयपुर स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, दुर्गापुरा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के सभी जिलों में भी जिला स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से किसान इस उत्सव से जुड़ेंगे।
कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने गुरुवार को दुर्गापुरा पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले किसानों और अतिथियों के लिए सभी प्रबंध पुख्ता होने चाहिए।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों (2-2 हजार रुपए) में प्रदान की जाती है। केंद्र सरकार अब तक 21 किस्तों के माध्यम से देश के किसानों को 4.09 लाख करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि भेज चुकी है।
जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि कार्यों को संबल मिला है। आज दोपहर बाद किसान अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त होने वाले SMS या आधिकारिक पीएम-किसान पोर्टल के माध्यम से अपनी किस्त का स्टेटस चेक कर सकते हैं।