27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Crime: डेटिंग ऐप पर लड़कों को फंसाकर सुनसान जगह पर बुलाते, लूटने के बाद करते ब्लैकमेल, 2 आरोपी गिरफ्तार

Rajasthan Crime: जयपुर में डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को सुनसान जगह बुलाकर मारपीट, लूट और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का करधनी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है।
2 min read
Google source verification
cyber fraud case

गिरफ्तार आरोपियों की फोटो: पत्रिका

Loot From Dating App Youths: डेटिंग ऐप के जरिए लड़कों से संपर्क कर उन्हें सुनसान स्थान पर बुलाने, मारपीट करने और ब्लैकमेल कर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का करधनी थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी डेटिंग ऐप पर युवकों से दोस्ती करने के बाद उन्हें बातचीत के जरिए अपने विश्वास में लेते थे। इसके बाद मिलने के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाकर वारदात को अंजाम देते थे।

जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को योजनाबद्ध तरीके से सुनसान जगहों पर बुलाकर मारपीट, ब्लैकमेलिंग और लूट की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस टीम ने ऐप के जरिए संपर्क करने वाले संदिग्धों पर नजर रखी और उनकी गतिविधियों की निगरानी की। इस पर झोटवाड़ा एसीपी शिव कुमार भारद्वाज के सुपरविजन और करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। इसके बाद गिरोह की पहचान कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया जिन्होंने पूछताछ में वारदातों का खुलासा किया। पुलिस ने अनिल रूलानिया (21) निवासी रूलानियों की ढाणी, मारोठ जिला डीडवाना-कुचामन और मदन नेहरा (23) निवासी ढाबा वाली ढाणी, ड्योढ़ी थाना फुलेरा, जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों से गिरोह के तरीके और संभावित अन्य वारदातों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

सुनसान जगह पर बुलाकर करते थे लूट

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी पहले डेटिंग ऐप पर युवकों से बातचीत करते और मुलाकात के लिए जगह तय करते थे। इसके बाद उन्हें ऐसी जगह बुलाया जाता था जहां आसपास लोगों की आवाजाही कम हो। वहां पहुंचने के बाद आरोपी पीड़ित के साथ मारपीट कर उसके मोबाइल, नकदी और अन्य सामान छीन लेते थे। लूट के बाद आरोपियों की ओर से पीड़ितों को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल करने का भी आरोप है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों और उनके सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है और उसके इस्तेमाल से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। खुलासे में एएसआई धर्मेंद्र सिंह, भंवरलाल, हैड कांस्टेबल शेरसिंह, तथा कांस्टेबल हीरालाल, बाबूलाल, गजानंद और मुकेश गौरा की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग