
जयपुर। राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी में पेट्रोल-डीजल का उत्पादन इसी महीने शुरू होने की संभावना है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को रिफाइनरी का उद्घाटन कर सकते हैं। पचपदरा रिफाइनरी के साथ ही पीएम मोदी जोधपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी करेंगे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कुछ ऐसे ही संकेत दिए है। वहीं, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार वीसी के जरिए रिफाइनरी को लेकर बैठक ली। जिसमें पेट्रोल-डीजल उत्पादन जल्द शुरू करने के निर्देश थे।
बता दें कि पचपदरा में स्थापित रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों प्रस्तावित था। लेकिन बाद में उद्घाटन फरवरी में होने की संभावना जताई। हालांकि, पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन की तारीख 21 अप्रेल तय की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे। लेकिन, इससे एक दिन पहले ही 20 अप्रेल को सीडीयू-वीडीयू यूनिट के एक्सचेंजर में विस्फोट होने से भीषण आग लग गई थी और उद्घाटन कार्यक्रम रद्द हो गया था। ऐसे में अब पीएम मोदी 4 जुलाई रिफाइनरी का उद्घाटन कर सकते है।
जोधपुर दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान की पचपदा रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट का एक साथ उद्घाटन होगा और पीएम मोदी ही करेंगे। जोधपुर एयरपोर्ट की सभी औपचारिकताएं पूरे होने के बाद जल्द ही कार्यक्रम तय होगा। माना जा रहा कि जून के अंत तक सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएगी।
इधर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पेट्रो उत्पादों का उत्पादन शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी में पेट्रोल एवं डीजल के उत्पादन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा इसी माह उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
समीक्षा बैठक में रिफाइनरी परियोजना की वर्तमान स्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि यह परियोजना राज्य के औद्योगिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्यों को पूर्ण करें। बैठक के दौरान परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से परियोजना के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, खान एवं पेट्रोलियम विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा तथा विशिष्ट शासन सचिव नम्रता वृष्णि सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।