
जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने मंगलवार को एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपित मोहसिन मुनव्वर अपने शौक पूरा करने के लिए चोरी करता था। इतना ही नहीं वह बच्चों को भी चोरी कराना सिखाता है। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। गिरोह के अन्य दो सदस्यों की पुलिस तलाश कर रही है। कोर्ट ने आरोपित को 11 नवम्बर तक के लिए रिमांड तक भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित ने ब्रह्मपुरी के अलावा आमेर, गलता गेट और सुभाष चौक में भी वारदातें स्वीकार की हैं। आरोपित से स्वीकार किया है कि वह बच्चों को लालच देकर चोरी के लिए तैयार करता था। इस मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है।
किराए पर रहता और मकानों को बनाता निशाना
पुलिस ने बताया कि आरोपित किराए के मकान में रहता था और समय-समय पर मकान बदलता रहता था। दिन में रैकी करने के बाद शाम को सूने मकानों को निशाना बनाता था। इसके अलावा वो कई मोबाइल दुकानों को निशाना बना चुका है। 21 अक्टूबर को कृष्णा कॉलोनी और सात सितम्बर को फातिमा कॉलोनी की दो मोबाइल दुकानों से तीनों आरोपितों ने 50 से अधिक मोबाइल चुराए थे। दोनों ही मामलों में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोपित को दिल्ली रोड से गिरफ्तार किया था और पूछताछ में उसमे मोबाइल चोरी की बात स्वीकार की है।
ब्रांडेड कपड़े और महंगे मोबाइल का था शौक
पूछताछ के दौरान आरोपित ने स्वीकार किया है कि उसे महंगे मोबाइल रखने का शौक था। इसके अलावा ब्रांडेड कपड़ा पहनना भी उसे पसंद है। जिन दुकानों से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसमें से अधिकतर मोबाइल उसने कम दाम पर अपने परिचितों और दोस्तों को बेच दिए। इससे जो पैसे आते थे, उनसे वह अपने शौक पूरे करता था। चोरी के पैसों से वह आए दिन अपने दोस्तों को पार्टियां दिया करता था।