
जयपुर। राजधानी जयपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अब जवाहर सर्कल थाना पुलिस ने गिरधर मार्ग और मालवीय नगर में संचालित दो स्पा सेंटरों पर छापा मारकर 14 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि पुलिस ने जयपुर शहर के सबसे पॉश और व्यस्त इलाके सी-स्कीम में भी मसाज की आड़ में चल रहे अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खेल पर शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की थी।
डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध एवं अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर पुलिस टीम ने जवाहर सर्कल थाना क्षेत्र में संचालित 2 स्पा सेंटरों पर दबिश दी। पुलिस की छापेमारी से स्पा सेंटर में खलबली मच गई। पुलिस ने सवाई थाई स्पा से 5 युवक व 6 युवतियों को शांति भंग में गिरफ्तार किया। वहीं, एनटीएफ स्पा पर छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति व 2 युवतियों को शांति भंग में गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि जवाहर सर्कल थाना पुलिस अब तक अवैध स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 110 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्पा सेंटर संचालकों को पहले भी कई बार जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से जारी गाइडलाइन की जानकारी दी गई थी। उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी भी दी गई थी कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद दोनों स्पा सेंटरों में निर्धारित मानकों की अनदेखी मिलने पर कार्रवाई की गई।
इससे पहले जयपुर के सी-स्कीम, झोटवाड़ा और महेश नगर में शुक्रवार को तीन थानों की पुलिस ने स्पा सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए ग्राहकों सहित 39 लोगों को गिरफ्तार किया था। सी स्कीम में पुलिस ने व्हाइट कैंडल, रिजूवना, ब्लू फिनिक्स, एवरग्रीन थाई, सौंदर्यम और लक्ष्य स्पा सेंटर पर एक साथ दबिश दी था। यहां से संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों सहित 22 लोगों को गिरफ्तार किया था।
झोटवाड़ा में निवारू रोड स्थित ए टू जेड स्पा सेंटर, गैलेक्सी स्पा सेंटर और एक अन्य सेंटर पर कार्रवाई की गई। जहां से मैनेजर सहित 9 लोगों को पकड़ा। वहीं, महेश नगर में सन एंड शाइन स्पा, यूनिक स्पा सेंटर, होटल अक्ष्यम स्पा, व एलिस्यान स्पा सेंटर, ब्लू डायमंड स्पा सेंटर, लक्स स्पा सेंटर और लाइमलाइट स्पा सेंटर पर पुलिस ने दबिश देकर मैनेजर सहित आठ लोगों को हिरासत में लिया था।
इससे पहले गुरुवार रात भी जयपुर पुलिस ने चित्रकूट, वैशाली नगर और करणी विहार थाना क्षेत्रों में एक साथ 10 स्पा और मसाज सेंटरों पर छापेमारी की थी। इस दौरान छह संचालक, मैनेजर सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया था।