जयपुर

उज्जवला योजना की कड़वी हकीकत आई सामने, पहले दिए मुफ्त गैस कनेक्शन, अब सब्सिडी से वसूल रहे बकाया

-कनेक्शन के वक्त स्वीकृत ऋण की भरपाई सब्सिडी से, लोन चुकता होने तक नहीं मिलेगी

2 min read
Nov 05, 2017

जयपुर।

बीपीएल महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन के नाम से बहुप्रचारित 'प्रधानमंत्री उज्जवला योजना' की हकीकत अब सामने आने लगी है। कनेक्शन देते वक्त चूल्हे-पाइप व अन्य सामान की कोई राशि नहीं ली गई, लेकिन अब इसे सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी रोक कर वसूल रहे है। यानी इस योजना के तहत कनेक्शन लेने वालों के खाते में सब्सिडी तब तक नहीं आएगी, जब तक कि गैस व चूल्हे की कीमत का पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से स्वीकृत ऋण चुकता न हो जाए।

प्रदेश में इस योजना के तहत अब तक साढ़े 23 लाख से ज्यादा महिला मुखिया को गैस कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। लेकिन कनेक्शन लेने के बाद अब सिलेंडर भरवाने से लोग कन्नी काट रहे है। क्योंकि ऋण राशि पूरी होने तक उन्हें सब्सिडी नहीं मिलने से सिलेंडर महंगा मिल रहा है।

सिर्फ सिलेंडर की सिक्यूरिटी की ही राहत
उज्जवला योजना के तहत वर्ष 2011 में सामाजिक, आर्थिक, जातिगत जनगणना (एसईसीसी) के आधार पर चिह्नित किए गए बीपीएल परिवारों की महिला मुखिया को ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं। मुख्य रूप से इस कनेक्शन में महिला मुखिया को सिर्फ सिलेंडर के पेटे दी जाने वाली सिक्यूरिटी की ही राहत मिल रही है। योजना में सस्ता चूल्हा देने के लिए पीतल की जगह लोहे के बर्नर का चूल्हा दिया जा रहा है। गैस पाइप भी सवा मीटर लंबाई का ही दिया जा रहा है।

उदयपुर पहले और जैसलमेर सबसे नीचे
उज्जवला योजना में प्रदेशभर में दिए गए गैस कनेक्शन पर नजर डाले तो सबसे ज्यादा उदयपुर जिले में अब तक कनेक्शन दिए गए हैं। जैसलमेर सहित कई जिले ऐसे हैं, जहां 30 से 35 हजार के बीच ही कनेक्शन जारी हो सके हैं। राज्य में दिए गए 23.57 लाख कनेक्शन में से उदयपुर जिले में 1.47 लाख और जैसलमेर में 31599 कनेक्शन दिए हैं। अन्य जिलों में कोटा व झुंझुनूं ऐसे हैं, जहां भी अभी कनेक्शन कम दिए गए हैं।

उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन पर दिए जाने वाले लोन की राशि सब्सिडी से वसूल की जाती है। इन्हें लोन की राशि वसूलने के बाद ही सब्सिडी मिलेगी।
-दीपक गहलोत, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन ऑफ राजस्थान

ये भी पढ़ें

पीएम मोदी के मंत्री शिवप्रताप शुक्ला के सामने जूता व्यवसाइयों का दर्द, देंखे वीडियो
Published on:
05 Nov 2017 08:14 am
Also Read
View All