जयपुर

गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत, मां का शव देखकर लिपट पड़ा 3 साल का मासूम, पीहरपक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Pregnant Woman Died Under Suspicious Circumstances: 2 दिसंबर को शाम पांच बजे ही घटना होने के बाद भी पीहर पक्ष को देरी से सूचना देते हुए बहन के पंखे पर लटक कर आत्महत्या करने की जानकारी दी। इस घटना की सूचना ससुराल वालों ने पुलिस को भी नहीं देकर शव मंगलवार देर रात जिला अस्पताल लाए।

2 min read
Dec 05, 2024

Rajasthan Crime News: जयपुर के शाहपुरा तहसील क्षेत्र के रहड़ गांव में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका के भाई ने बहनोई पर हत्या का आरोप लगाते हुए शाहपुरा पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की। मृतका के भाई तस्वारिया निवासी भगवान शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में रहड़ निवासी अपने बहनोई विष्णु शर्मा पर अपनी गर्भवती बहन पार्वती देवी (29) की हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 2 दिसंबर को शाम पांच बजे ही घटना होने के बाद भी पीहर पक्ष को देरी से सूचना देते हुए बहन के पंखे पर लटक कर आत्महत्या करने की जानकारी दी। इस घटना की सूचना ससुराल वालों ने पुलिस को भी नहीं देकर शव मंगलवार देर रात जिला अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकों ने मामला संदिग्ध समझ कर पुलिस को सूचित किया।

इधर, मृतका के पति विष्णु शर्मा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम पांच से पूर्व ही पत्नी ने अपने आपको कमरे में बंद कर लिया था। खाने के लिए परिजन बुलाने गए तो दरवाजा बंद मिला। आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खोलने पर दरवाजा तोड़ा जहां पत्नी पंखे से लटकी हुई मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव मृतका के पीहर पक्ष को सौंपा।मृतका का शव जैसे ही पीहर तस्वारिया पहुंचा। मृतका का तीन वर्षीय पुत्र सोनू अपनी मां के शव से लिपट कर रोते बिलखते जगाने लगा। इस दृश्य को देख परिजनों के साथ उपस्थित ग्रामीणों की आंखें नम हो गई।

कोर्ट में तलाक का मामला भी चला…

भाई भगवान शर्मा ने बहनोई पर हत्या का आरोप लगाने के साथ बहन के साथ आए दिन झगड़ा व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मारपीट से परेशान होकर शादी के एक वर्ष बाद ही बहन द्वारा कोर्ट में तलाक लेने की अर्जी लगाई थी। लोक अदालत व परिजनों की समझाइश से मामला उठाने के बाद भी बहनोई द्वारा मारपीट, गाली गलौच का सिलसिला जारी रहा। मृतका गर्भवती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या होने के मामले का खुलासा होगा।

Published on:
05 Dec 2024 03:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर