
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर पचपदरा रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों एवं एचआरआरएल प्रबंधन से रिफाइनरी की प्रगति और संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शीघ्र ही पचपदरा रिफाइनरी का शुभारंभ करेंगे। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी से राजस्थान देश की ऊर्जा सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बनेगा। साथ ही यह प्रोजेक्ट प्रदेश का ग्रोथ इंजन साबित होगा। इस दौरान एचआरआरएल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री की माइक्रो मॉनिटरिंग की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचआरआरएल एवं राज्य सरकार के अधिकारियों ने टीम भावना से निरंतर कार्य किया है। ऐसे में कुछ ही समय के अंतराल में रिफाइनरी संचालन के लिए फिर से तैयार हो गई है। आधा दर्जन से अधिक यूनिट्स कार्य कर रही हैं और कई प्रोडक्ट्स का उत्पादन प्रारंभ हो चुका है।
यह वीडियो भी देखें
मुख्यमंत्री को एचआरआरएल प्रबंधन ने पचपदरा रिफाइनरी से निकल रहे विभिन्न प्रोडक्ट्स के सैम्पल भेंट किए। साथ ही उन्होंने रिफाइनरी का माॅडल और इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाती हुई बुकलेट भी प्रस्तुत की। इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया एवं एचआरआरएल प्रबंधन सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सांगानेर स्थित प्राचीन त्रिपोलिया बालाजी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि के लिए कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांगानेर क्षेत्र के संघीजी जैन मंदिर और सांगा बाबा मंदिर सहित कुल 115 धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण और जीर्णाेद्धार के लिए 50 करोड़ रुपए की लागत के भव्य विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि महत्वाकांक्षी पचपदरा रिफाइनरी में गैस और डीजल उत्पादन शुरू होने के बाद अब पेट्रोल उत्पादन की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) ने 1 जुलाई से व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य पहले ही तय कर रखा है। पेट्रोल उत्पादन शुरू होते ही अन्य पेट्रो उत्पादों का उत्पादन भी चरणबद्ध तरीके से आरंभ किया जाएगा।