जयपुर

जयपुर के इस बस स्टैंड से नहीं होगा निजी बसों का संचालन, यहां पर मिलेगी दूसरी जगह!

Jaipur Durgapura Bus Stand: नारायण सिंह तिराहे के बाद अब परिवहन विभाग जयपुर के एक और बस स्टैंड पर लगने वाले जाम को कम करने की तैयारी कर रहा है।
2 min read
• •
Updated: 12 May 2025, 7:01 AM IST
Durgapura-bus-stand-1

जयपुर। नारायण सिंह तिराहे के बाद अब परिवहन विभाग दुर्गापुरा बस स्टैंड पर लगने वाले जाम को कम करने की तैयारी कर रहा है। यातायात पुलिस ने दुर्गापुरा बस स्टैंड से संचालित होने वाली निजी बसों को दूसरी जगह से संचालित करने की सिफारिश की है। इस संबंध में पुलिस ने परिवहन विभाग को पत्र लिखा है।

इसमें कहा गया है कि दुर्गापुरा बस स्टैंड से निजी बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे सड़क पर जाम के हालात बन रहे हैं। ऐेसे में इन निजी बसों को टोंक रोड पर दूसरी जगह से संचालित किया जाए। यातायात पुुलिस के पत्र के बाद अब परिवहन विभाग ने टोंक रोड पर दूसरी जगह तलाशना शुरू कर दिया है। आरटीओ जयपुर प्रथम की ओर से जगह देखी जा रही है।

यह वीडियो भी देखें

परमिट में बदलेगा नाम

दरअसल, नारायण सिंह तिराहे से टोंक रोड के लिए करीब 50 निजी बसों का संचालन किया जाता था। इसे नो पार्किंग जोन घोषित करने के बाद इन बसों का संचालन ट्रांसपोर्ट नगर बजरी मंडी से कर दिया था। इन बसों के परमिट में संशोधन भी कर दिया था।

लेकिन येे बसेें बजरी मंडी से वापस नारायण सिंह तिराहे होते हुए टोंक रोड होते हुए दुर्गापुरा बस स्टैंड से संचालित हो रही हैं। यहां रोडवेज बसों का भी ठहराव हो रहा है। इससे जाम के हालात बन रहे हैं। ऐसे में टोंक रोड पर नई जगह तलाश कर फिर से परमिट में संशोधन किया जाएगा।

निकाली गली

परिवहन विभाग ने भले ही नारायण सिंह तिराहे बस स्टैंड को नो पार्किंग जोन बना दिया है, यहां से बसों का संचालन खत्म कर दिया है। लेकिन निजी बस संचालकों ने गली निकाल ली है। यहां से सुबह और देर रात बसों का ठहराव जारी है। यहां से यात्रियों को बैठाया जा रहा है। यातायात पुलिस आने के बाद बसों का संचालन बंद कर दिया जाता है।