जयपुर

शिविर में समस्याएं सुन किया समाधान, ग्रामीणों को मिली राहत

Jul 31, 2026
Rajasthan

कुडग़ांव. ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बुधवार को डिकोली ग्राम पंचायत में फॉलोअप शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राजस्व, विद्युत, पेयजल, पेंशन, राशन तथा मनरेगा से संबंधित समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।


तहसीलदार दिलीप कुमार अग्रवाल ने एक-एक फरियादी की समस्या सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसीलदार दिलीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसके लिए प्रत्येक माह ऐसे शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने पटवारी और ग्राम सेवक को नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से फीडबैक लेने तथा समस्याओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से उनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Updated on:
31 Jul 2026 06:01 am
Published on:
31 Jul 2026 06:01 am