
जयपुर। राज्य के 944 बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) की ओर से आयोजित पीटीईटी-2026 परीक्षा का परिणाम गुरुवार को जयपुर में घोषित कर दिया गया। परीक्षा में भरतपुर के कार्तिक कुमार गर्ग और चूरू के जयप्रकाश बिस्सू ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों अभ्यर्थियों को 600 में से 509 अंक मिले हैं। उदयपुर के मनोज नागदा 508 अंकों के साथ दूसरे और नागौर के युवराज 507 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
परिणाम जारी होने के बाद राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सभी टॉपर्स से मोबाइल पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के मात्र 10 दिनों के भीतर परिणाम घोषित करना वीएमओयू की बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए कुलपति प्रो. बीएल वर्मा और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। डॉ. बैरवा ने कहा कि यह परिणाम युवाओं के जीवन में नए अवसरों के द्वार खोलने वाला है। भविष्य में यही युवा शिक्षक बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और विद्यार्थियों को संस्कारवान नागरिक बनाने में योगदान देंगे।
यह वीडियो भी देखें
वीएमओयू के कुलपति प्रो. बीएल वर्मा ने राज्य सरकार, उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा, परीक्षा कार्य में लगे शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार सकारात्मक प्रयास कर रही है तथा नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्रिय है। प्रो. वर्मा ने बताया कि पीटीईटी-2026 परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, शुचिता और अनुशासन के साथ किया गया। परिणाम जारी होने के बाद अब जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जिससे बीएड कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि 14 जून को आयोजित परीक्षा के लिए 1 लाख 26 हजार 600 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1 लाख 7 हजार 575 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा राज्य के सभी 41 जिलों में स्थापित 300 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। राज्य के 944 बीएड कॉलेजों में कुल 1 लाख 7 हजार 430 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद नया शैक्षणिक सत्र जुलाई से प्रारंभ होगा। परिणाम घोषणा के दौरान पीटीईटी समन्वयक प्रो. क्षमता चौधरी, डॉ. संदीप हुडा, डॉ. अकबर अली सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।